बाबूलाल नगर क्षेत्र की खाली जगह पर होगा सौंदर्यीकरण
सर्विस रोड के पास ग्रीन बेल्ट के हिस्से में मिलेगी बगीचे की सौगात
विधानसभा 5 के अंतर्गत वार्ड क्रमांक 51 से जुड़े हिस्से मूसाखेड़ी रिंग रोड चौराहा के पास सर्विस रोड पर बाबूलाल नगर के सामने ग्रीन बेल्ट के लंबे समय से खाली पड़े उजाड़ हिस्से को संवारने के लिए निगम द्वारा करीब 55 लाख रुपए के आसपास खर्चकर सौंदर्यकरण के कई कार्य एक साथ शुरू किए जाएंगे। जिसको लेकर पूरी प्लानिंग के साथ यहां काम शुरू करने की तैयारी शुरू हो गई है।
ग्रीनरी के साथ मिलेगा लंबा चौड़ा
वाकिंग ट्रेक-खास बात यह है कि बाबूलाल नगर और आसपास की बस्ती कॉलोनियों के रहवासियों को घर के नजदीक ग्रीन बेल्ट के हिस्से में चारों ओर ग्रीनरी के साथ आकर्षक बगीचे की सौगात मिलेगी। क्षेत्रीय वार्ड 51 के पार्षद मलखान कटारिया ने बताया नए बगीचे में लंबा - चौड़ा वाकिंग ट्रेक के साथ हरियाली और खेलकूद और मनोरंजन के साधन भी जुटाए जाएंगे। बच्चों के मनोरंजन के लिए झूले चकरी फिसल पट्टी की व्यवस्था की जाएगी।
वहीं बुजुर्गों के लिए शानदार रंगीन बेचें लगाकर बैठक व्यवस्था की जाएगी। सौंदर्य करण के कार्यों के साथ रोशनी के लिए आकर्षक डिजाइनर पोल पर लाइटिंग लगाकर उजाले की व्यवस्था भी की जाएगी। जबकि अभी श्रीकृष्ण नगर और बाबूलाल नगर के रहवासियों के साथ मिलकर निगम के सहयोग से मानसून सीजन में एक से बढ़कर एक पेड़ - पौधे लगाने का अभियान लगातार चलाया जा रहा है।
विधायक के सहयोग से लगाएंगे जिम के
उपकरण- पार्षद मलखान कटारिया ने बताया अब नए तैयार होने वाले बगीचे में विधायक महेंद्र हार्डिया के सहयोग से लोगों की सेहत बनाने के लिए जिम के आधुनिक उपकरण भी लगवाए जाएंगे ताकि लोग सुबह - शाम घूमने के साथ घर के पास ग्रीन बेल्ट के हिस्से में तैयार बगीचे में सुबह शाम व्यायाम और कसरत भी कर सकेंगे।
