सोमवार, 12 अक्टूबर 2026

कानून-व्यवस्था का अहसास कराने सड़कों पर उतरी पुलिस

डीसीपी के नेतृत्व में निकला पैदल मार्च

इंदौर। शहर में आमजन के बीच सुरक्षा का वातावरण निर्मित करने, असामाजिक तत्वों में खौफ पैदा करने और कानून- व्यवस्था के प्रति पुलिस का विश्वास बढ़ाने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन द्वारा लगातार फ्लैग मार्च और पैदल मार्च निकाले जा रहे हैं। इसी कड़ी में डीसीपी नरेंद्र रावत के नेतृत्व में थाना सदर बाजार एवं थाना मल्हारगंज क्षेत्र में पुलिस बल द्वारा पैदल मार्च निकाला गया।

इस पैदल मार्च में एडिशनल डीसीपी सुमित केरकेट्टा, एसीपी अशोक जादौन, दोनों थानों के थाना प्रभारी और भारी पुलिस बल शामिल रहा। पुलिस अधिकारियों व जवानों ने क्षेत्र के मुख्य मार्गों, संवेदनशील इलाकों और भीड़भाड़ वाले बाजारों से होकर पैदल मार्च किया। अभियान के दौरान पुलिस अधिकारियों ने स्थानीय दुकानदारों और आम नागरिकों से संवाद कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

डीसीपी नरेंद्र रावत ने बताया कि पैदल मार्च का मुख्य उद्देश्य नागरिकों में सुरक्षा और विश्वास की भावना को सुदृढ़ करना है। इसके साथ ही क्षेत्र में शांति व्यवस्था भंग करने वाले और असामाजिक तत्वों को कड़ा संदेश दिया गया है कि कानून का उल्लंघन करने वालों पर पुलिस की सख्त नजर है।