सोमवार, 12 अक्टूबर 2026

मेसी ने खिलाड़ी को जड़ा थप्पड़, अब भारी जुर्माना

नई दिल्ली। फुटबॉल के बड़े स्टार लियोनेल मेसी को मेजर लीग सॉकर (एमएलएस) में एक बड़ा झटका लगा है। फिलाडेल्फिया यूनियन के खिलाफ खेले गए मैच के दौरान विपक्षी खिलाड़ी क्विन सुलिवन के साथ मैदान पर हुई कहासुनी की वजह से मेसी पर जुर्माना लगाया गया है।

इस जुर्माने की रकम का खुलासा नहीं किया गया है। बहस के दौरान मेसी को सुलिवन के सिर और गर्दन के पीछे मारते हुए देखा गया था। इसी मैच में इंटर मियामी के डिफेंडर इयान प्रे पर भी मैच खत्म होने से ठीक पहले सुलिवन के साथ गलत व्यवहार करने की वजह से लीग ने जुर्माना लगाया है।

मैच के एक्स्ट्रा टाइम में मैदान के बीच में मेसी और सुलिवन के बीच तीखी बहस देखने को मिली थी। इस दौरान मेसी ने सुलिवन की गर्दन के पीछे हाथ चला दिया। हालांकि मैच के समय रेफरी ने इस बात पर कोई कार्ड नहीं दिखाया था, लेकिन बाद में वीडियो फुटेज देखने पर अधिकारियों ने पाया कि मेसी ने विपक्षी खिलाड़ी के चेहरे, सिर या गर्दन पर हाथ न लगाने के सख्त नियम को तोड़ा है।

मेसी को इस नियम के तहत दूसरी बार सजा मिली है, इससे पहले फरवरी 2025 में न्यूयॉर्क सिटी एफसी के खिलाफ मैच में भी उन पर इसी नियम के तहत जुर्माना लगा था।

मैच के आखिरी मिनटों का हंगामा और रेड कार्ड का

विवाद-मैच के आखिरी पलों में मैदान का माहौल काफी गरम हो गया था। पेनल्टी बॉक्स की तरफ गेंद लेकर भाग रहे सुलिवन से मियामी के इयान प्रे भिड़ गए और उनकी गर्दन पकड़ ली, जिसके लिए प्रे पर भी जुर्माना लगाया गया। वहीं मैदान के बाहर हुई लड़ाई के लिए मियामी के यानिक ब्राइट और फिलाडेल्फिया के कावन सुलिवन को रेफरी ने रेड कार्ड दिखा दिया था।