खंडवा रोड पर जाली के बाद अंधेरा दूर करने की जुगत
इंदौर-खंडवा रोड़ पर तेजाजी नगर बायपास से चौखी ढाणी तक पहली बार लगेगी सेंट्रल लाइटिंग
इस माह के अंत में सावन मास शुरू होने से पहले इंदौर-खंडवा रोड पर तेजाजी नगर बायपास से चोखी ढाणी तक तैयार नई फोरलेन सड़क पर अब रोशनी के लिए बड़े हिस्से में नई लाइटिंग भी लगेंगी। वहीं इससे पहले नेशनल हाईवे अथॉरिटी (एनएचआई) द्वारा तेजाजी नगर पार्ट 2 के अंतर्गत बड़े हिस्से में कावड़ यात्रियों की सुरक्षा के लिए सड़क के दोनों ओर सुरक्षा जाली लगाने का काम शुरू किया गया था, जो अब पूरा होने वाला है। जिससे तेज रफ्तार गाड़ियों के बीच अचानक कोई भी टू व्हीलर या पैदल चलने वाला इधर-उधर रोड क्रॉस ना कर पाएगा।
वहीं अब इंदौर खंडवा रोड पर तैयार नई फोर लाइन सड़क पर पहली बार रोशनी के लिए आकर्षक लाइटिंग लगाने की तैयारी भी शुरू हो गई है। जिसके अंतर्गत इस मार्ग पर एनएचआई विभाग द्वारा करोड़ों रुपए खर्चकर ठेकेदार कंपनी के माध्यम से लगभग पौने दो सौ से ज्यादा पोल पर 400 से ज्यादा एलइडी लाइटिंग लगाने की तैयारी शुरू हो गई है।
इलेक्ट्रिक पोल लगाने के लिए मजबूत ठीए भी बनकर तैयार
वहीं बड़ी बात यह है कि जिसके लिए बकायदा यहां सेंट्रल लाइटिंग के लिए बीच के हिस्से में मजबूत ठीए बनाने का काम भी पूरा हो गया है। साथ ही अब यहां बेहद जल्द बिजली के पोल लगाकर सावन मास के शुरू होने से पहले रोशनी के लिए 400 से ज्यादा एलइडी लाइटिंग भी लगाई जाएगी। जिसको लेकर भी विभागीय तैयारी शुरू हो गई है।
15 अगस्त से पहले तेजाजी नगर पार्ट 2 का शहरी हिस्सा जगमगाने की तैयारी
वहीं अब कहा जा रहा है कि 15 अगस्त से पहले सावन मास की शुरुआत में ही रोशनी के लिए खंडवा रोड़ पर तेजाजी नगर पार्ट 2 के अंतर्गत बायपास के पार वाले बड़े हिस्से से चोखी ढाणी तक के हिस्से में आकर्षक लाइटिंग लगाने का काम पूरा कर लिया जाएगा ताकि इसका सबसे बड़ा लाभ सावन मास में कावड़ लेकर चलने वाले हजारों कावड़ यात्रियों के साथ ही सावन मास में बाबा ओंकारेश्वर महादेव के दर्शन करने आने वाले लाखों भक्तों को भी मिलेगा। यही नहीं सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद होने से रात के अंधेरे में किसी भी प्रकार की दुर्घटना होने का अंदेशा भी नहीं रहेगा।
जबकि अभी खंडवा रोड़ पर केवल भंवर कुँआ से तेजाजी नगर तक के शहरी हिस्से में ही लाइटिंग लगी है। जबकि बाकी हिस्से में अंधेरा रहता है। जिससे दुर्घटना और हादसें होने का खतरा बना रहता है। अब बायपास पार तेजाजी नगर पार्ट 2 के अंतर्गत चोखी ढाणी तक तेज रोशनी वाली एलईडी लाइटिंग लगाने का काम जल्द शुरू होने की उम्मीद है जिससे इस क्षेत्र में खंडवा रोड़ के शहरी हिस्से में रहने वाले हजारों रहवासी परिवारों और व्यापारियों को भी इसका लाभ मिलेगा।
