सोमवार, 12 अक्टूबर 2026

गेहूं पिसवाने गए किशोर पर पुराने विवाद में चाकू से हमला

इंदौर। बेटमा थाना इलाके के एक गांव में पुराने विवाद को लेकर दो बदमाशों ने एक किशोर और उसके चचेरे भाई पर हमला कर दिया। आरोपियों ने पीड़ित के भाई को सरिये से पीटा और किशोर पर चाकू से वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। पुलिस ने घायल की शिकायत पर दो नामजद आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, हमले में घायल आवेश (16) निवासी ग्राम रौलाय की रिपोर्ट पर दो आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है। फरियादी आवेश ने पुलिस को बताया कि वह अपने चचेरे भाई के साथ गांव में स्थित चक्की पर गेहूं पिसवाने गया था। उसी दौरान वहां पहुंचे आरोपियों ने उनसे पुराने विवाद की बात को लेकर बेवजह गाली-गलौज शुरू कर दी।

जब आवेश और उसके भाई ने गालियां देने से मना किया, तो आरोपी उग्र हो गए। उन्होंने पहले चचेरे भाई पर लोहे के सरिये से हमला किया और फिर आवेश पर चाकू से वार कर दिया। चाकू लगने से आवेश खून से लथपथ होकर वहीं गिर पड़ा। शोर सुनकर आसपास के लोग जमा हुए तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले।