सोमवार, 12 अक्टूबर 2026

पुरानी रंजिश में विवाद व मारपीट, बीच-बचाव करने आई मां और बहनों को भी पीटा

तिलक नगर थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक और उसके परिवार के साथ मारपीट की गई। आरोपियों ने पहले युवक के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की और जब उसकी मां व बहनें बीच-बचाव करने पहुंचीं, तो बदमाशों ने उनके साथ भी हाथ-मुक्कों से मारपीट कर दी। पीड़ित नाबालिग किशोरी की शिकायत पर पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, 16 वर्षीय पीड़िता ने परिजनों के साथ तिलक नगर थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई है। पीड़िता ने बताया कि आरोपी अशोक मंडलोई, दीपक गोस्वामी, हर्ष और पुनीत सभी निवासी पिपलियाहाना ने उसके भाई जय ठाकुर को पुरानी किसी बात को लेकर घेर लिया और बेवजह गालियां देना शुरू कर दिया। जब उसके भाई जय ठाकुर ने गाली-गलौज करने से मना किया, तो दीपक, हर्ष और पुनीत ने उसके साथ हाथ- मुक्कों से मारपीट शुरू कर दी।

भाई को पिटता देख पीड़िता, उसकी मां रीना ठाकुर और बहन तुरंत मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव करने का प्रयास किया। इस पर आरोपी और उग्र हो गए तथा तीनों आरोपियों ने मिलकर पीड़िता की मां और बहन के साथ भी हाथ-मुक्कों से जमकर मारपीट कर दी।