बाइक से शोर मचाने का विरोध करने पर युवक पर चाकू से हमला
इंदौर। परदेशीपुरा थाना क्षेत्र में बाइक का एक्सीलेटर खींचकर तेज शोर मचाने से मना करने पर तीन बदमाशों ने एक युवक पर चाकू से हमला कर दिया। आरोपी वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए। घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना टापू नगर इलाके में घटित हुई। यहां रहने वाले 20 वर्षीय रोहन पिता किशन ने जब आरोपियों हिमांशु, देवा और राज को अपनी मोटरसाइकिल से बार-बार एक्सीलेटर देकर तेज शोर करने से मना किया, तो आरोपी विवाद करने लगे। उस वक्त तो आरोपी मौके से चले गए, लेकिन कुछ ही देर बाद रंजिश रखकर तीनों आरोपी वापस लौटे और रोहन को अकेला पाकर उस पर हमला बोल दिया।
आरोपियों ने विवाद करते हुए धारदार चाकू निकालकर रोहन पर वार कर दिए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर वहीं गिर पड़ा। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों बदमाश जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से भाग निकले।
