सोमवार, 12 अक्टूबर 2026

रास्ता चलते धक्का लगने पर युवक को पीटा, चाकू मारकर किया घायल

इंदौर। बाणगंगा थाना क्षेत्र के मारुति नगर इलाके में गली से गुजरने के दौरान गलती से अनजाने में लगे धक्के को लेकर हुए विवाद में तीन आरोपियों ने एक युवक के साथ जमकर मारपीट की और पेट, हाथ व पैर में चाकू घोंपकर उसे घायल कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। पीड़ित की शिकायत पर बाणगंगा थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, यह घटना मारुति नगर गली नंबर तीन में घटित हुई। घायल युवक रोहित पिता उधम सिंह ठाकुर, निवासी मारुति नगर की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपी हर्ष उर्फ अनिकेत, अज्जू उर्फ योगेंद्र और हरसू उर्फ सौरभ के खिलाफ केस दर्ज किया है। पीड़ित रोहित ने पुलिस को बताया कि वह रात में अपने घर के पास गली से पैदल गुजर रहा था।

इसी दौरान रास्ते में सामने से आ रहे आरोपी हरसू उर्फ सौरभ को गलती से उसका धक्का लग गया। इतनी सी बात पर आपा खोते हुए आरोपी हरसू और उसके साथियों ने रोहित के साथ अभद्रता करते हुए गालियां देना शुरू कर दिया। जब रोहित ने गाली देने का विरोध किया, तो तीनों आरोपियों ने उसे घेरकर लात-घूंसों से पीटना शुरू कर दिया।

इसी बीच एक आरोपी ने जेब से धारदार चाकू निकाला और रोहित के पेट, हाथ और पैर पर ताबड़तोड़ कई वार कर दिए। चाकू लगते ही रोहित लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ा और मदद के लिए शोर मचाने लगा। चीख-पुकार सुनकर जब आसपास के लोग दौड़े, तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले।