सोमवार, 12 अक्टूबर 2026

भुट्टा दुकान लगाने के विवाद में महिला पर कुल्हाड़ी से हमला

इंदौर। सिमरोल थाना क्षेत्र पर्यटन स्थल लोधिया कुंड के पास सड़क किनारे भुट्टे की दुकान लगाने की बात को लेकर हुए विवाद में एक सिरफिरे आरोपी ने महिला के साथ मारपीट कर दी। आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए महिला पर कुल्हाड़ी के हत्थे से हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गई। वारदात के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देकर मौके से चला गया। पीड़ित महिला की शिकायत पर सिमरोल थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, यह घटना लोधिया कुंड के पास रोड किनारे घटित हुई। ग्राम लोधिया निवासी फरियादी प्रेमबाई पति राकेश खराड़ी की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपी श्याम पिता बद्री कोहली के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। फरियादी महिला ने पुलिस को बताया कि वह लोधिया कुंड के पास सड़क किनारे भुट्टे की दुकान लगाती है।

इसी दौरान आरोपी श्याम कोहली वहाँ पहुँचा और दुकान लगाने की जगह को लेकर अकारण ही विवाद करने लगा। जब प्रेमबाई ने आरोपी की इस हरकत का विरोध किया और गाली-गलौज करने से मना किया, तो आरोपी आपा खो बैठा। उसने महिला के साथ हाथ- मुक्कों से मारपीट शुरू कर दी और पास में रखी कुल्हाड़ी उठाकर उसके हत्थे से महिला पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

हमले में पीड़ित महिला के हाथ और कमर में गंभीर चोटें आईं और वह दर्द से कराहने लगी। चीख- पुकार सुनकर आसपास के लोग जब बचाव के लिए आए, तो आरोपी महिला को आइंदा दुकान लगाने पर जान से खत्म करने की धमकी देता हुआ भाग खड़ा हुआ।