सोमवार, 12 अक्टूबर 2026

जय महेश कावड़ यात्रा की तैयारी शुरू

संस्था माहेश्वरी कुटुम्ब की मेजबानी में रविवार 9 अगस्त को सुबह 9 बजे रिंग रोड स्थित परस्पर गार्डन परिसर से ‘जय महेश कावड़ यात्रा’ का आयोजन होगा जिसमें नर्मदा, क्षिप्रा, गंगा, यमुना, कालीसिंध, चम्बल सहित सप्त नदियों का पवित्र जल कावड़ में भरकर गुमास्ता नगर स्थित शिव मंदिर पर भगवान शिव का महाभिषेक किया जाएगा। माहेश्वरी कुटुम्ब के प्रमुख शारदा-प्रकाश अजमेरा ने बताया कि कावड़ यात्रा का यह परम्परागत आयोजन पिछले कई वर्षों से किया जा रहा है।

अब तक 2 हजार बंधुओं के पंजीयन हो चुके हैं। कावड़ यात्रा में शामिल महिलाएं पीताम्बर एवं पुरुष भगवा परिधान में शामिल होंगे। यात्रा के साथ 51 सदस्यों का अखाड़ा और 4 झांकियां भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी जिनके माध्यम से पर्यावरण संरक्षण एवं समाज की अन्य कुरीतियों के उन्मूलन का सन्देश दिया जाएगा।

यात्रा में 2 बड़े हाथी भी गंगाजली लेकर शामिल होंगे। यात्रा परस्पर गार्डन से प्रारम्भ होकर मेनरोड, फूटी कोठी चौराहा, रणजीत हनुमान, नाकोडा से गुमाश्ता नगर स्थित शिव मंदिर पहुंचेगी। बडी संख्या में माहेश्वरी समाजजनों को इस आयोजन से जोड़ा जा रहा है और निमंत्रित भी किया जा रहा है।