सोमवार, 12 अक्टूबर 2026

आज होगा ग्रैंड फिनाले एवं इंटरनेशनल फाइट नाइट

इंदौर। शहर के खेल प्रशाल में आयोजित 9वीं एमएमए इंडिया नेशनल चैंपियनशिप के दूसरे दिन खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। देशभर के विभिन्न राज्यों से आए खिलाड़ियों के बीच हुए रोमांचक मुकाबलों में कई एशियन एवं राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

पूरे दिन चले मुकाबलों को देखने के लिए बड़ी संख्या में खेल प्रेमियों ने उत्साहपूर्वक अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। दूसरे दिन मध्य प्रदेश खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपना दबदबा कायम रखा।

आयोजन समिति के अध्यक्ष प्रबल प्रताप सिंह तोमर एवं आयोजन सचिव भागीरथ राठौर ने बताया कि प्रतियोगिता अपने अंतिम चरण की ओर बढ़ रही है। महिला वर्ग के क्वार्टर फाइनल मुकाबले में उत्तर प्रदेश की खुशबू निषाद ने अलीजा बेथ (मिजोरम) को पराजित कर शानदार जीत दर्ज करते हुए सेमीफाइनल में प्रवेश किया। यह मुकाबला दिन के सबसे रोमांचक मुकाबलों में से एक रहा।

वहीं 8 से 10 वर्ष बालक वर्ग में मध्यप्रदेश के आदम्य शर्मा ने प्रतियोगिता का पहला स्वर्ण पदक अपने नाम किया। यथार्थ जैन ने रजत व सौमिल निखारे ने कांस्य पदक अर्जित किया। मध्यप्रदेश के खिलाड़ियों के लगातार शानदार प्रदर्शन के कारण राज्य पदक तालिका में शीर्ष स्थान पर बनाया हुआ है।

रविवार को समापन के मौके पर चैंपियनशिप के विभिन्न वर्गों के फाइनल मुकाबले आयोजित किए जाएंगे।