सोमवार, 12 अक्टूबर 2026

तीन दिनों तक छुटपुट बारिश के आसार

विशेषज्ञ बोले- गुरुवार और शुक्रवार को आ सकता है तेज पानी, जिसकी शुरूआत बुधवार की रात को भी हो सकती है, बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बना जिसका असर पूर्वी म.प्र. के साथ इंदौर में भी रहेगा, उमस से लोग परेशान

मौसम विभाग की भी यही भविष्यवाणी है कि अभी तेज बारिश के आसार तीन दिनों तक नहीं है और मौसम विभाग ने इंदौर में ही बारिश को औसत से ज्यादा माना। मौसम विभाग के अनुसार पूरे प्रदेश के 27 जिलों में कम बारिश के कारण सूखा की स्थिति दिख रही है, लेकिन उस सूखा की स्थिति में इंदौर का नाम शामिल नहीं है। अभी तक जो बारिश हुई है उसे संतोषजनक बताया जा रहा है, लेकिन कुछ दिनों से बारिश नहीं हुई है वह चिंताजनक है, कल भी आउटर क्षेत्र में पानी गिरा था, लेकिन शहरी क्षेत्र में पानी बहुत कम आया था।

इधर मौसम विशेषज्ञ डॉ. राजेन्द्र शर्मा का मानना है कि आज से तीन दिनों तक सामान्य बौछार के साथ पानी गिर सकता है। आज शाम हल्की बौछारें होगी, सोमवार, मंगलवार और बुधवार को यह क्रम जारी रहेगा। बुधवार की रात से तेज पानी गिरने का क्रम शुरू हो सकता है जो गुरुवार और शुक्रवार तक जारी रहेगा।

शर्मा के मुताबिक बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बन रहा है जो पूर्वी म.प्र. से होते हुए इंदौर तक कवर करेगा। बंगाल की खाड़ी के कम दबाव का क्षेत्र बनने से आज से इसका असर इंदौर में हल्की बारिश के रूप में दिखेगा। इधर पानी नहीं गिरने से उमस बढ़ी हुई है और लोग उमस से परेशान है।

इधर मौसम विभाग और जानकार भी यही मान रहे हैं कि पानी का जो इंदौर में कोटा है वह करीब सवा दो माह में पूरा हो जाएगा।