मुख्यमंत्री ने किया ‘किसान पुत्र' का सम्मान
न.प्र.)। लगभग दस वर्ष पहले देखा गया एक परिवार का सपना साकार हो गया। बलराम कृषि महोत्सव में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इंदौर के गुरुबक्ष सिंह को ‘किसान पुत्र सम्मान' से सम्मानित किया। गुरुबक्ष सिंह वर्तमान में पीएम श्री केन्द्रीय विद्यालय क्रमांक 1, इंदौर का कक्षा 12वीं का छात्र है।
कम आयु में ही उसने खेती, पर्यावरण संरक्षण और प्रकृति के प्रति गहरी रुचि विकसित की है। इस सम्मान के पीछे एक दशक का त्याग, समर्पण और प्रकृति के प्रति अटूट विश्वास छिपा है। जुलाई 2016 में पूर्व रेलकर्मी चंचल कौर ने अपने पुत्र को प्रकृति से जोड़कर एक जागरूक किसान बनाने का संकल्प लेते हुए भारतीय रेल की नौकरी छोड़ दी।
इसके बाद वर्ष 2022 में उनके पति राजेन्द्र सिंह ने भी ट्रेन मैनेजर के पद से स्वैच्छिक रूप से सेवा छोड़कर स्वयं को पर्यावरण संरक्षण, प्राकृतिक खेती और सामाजिक कार्यों के लिए पूर्णकालिक रूप से समर्पित कर दिया।
