सोमवार, 12 अक्टूबर 2026

ऑल इंडिया आइपीएससी हैंडबॉल स्पर्धा प्रारंभ

इंदौर। मेजबान एमरल्ड हाइट्स इंटरनेशनल स्कूल ने मध्य प्रदेश की चुनौती को आगे बढ़ाते हुए प्रतिष्ठित ऑल इंडिया आइपीएससी इंटर स्कूल हैंडबॉल टूर्नामेंट में विजयी आगाज किया। इस स्पर्धा में देशभर की टीमें हिस्सा ले रही हैं। बालक वर्ग में हो रही स्पर्धा में अंडर- 14, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग में मुकाबले होंगे।

इस स्पर्धा में प्रदर्शन के आधार पर इंदौर में ही ऑल इंडिया आइपीएससी टीम का भी गठन किया जाएगा। राउ स्थित एमरल्ड हाइट्स स्कूल परिसर में आयोजित स्पर्धा का संचालन हैंडबाल के मान्यता प्राप्त रेफरियों के मार्गदर्शन में किया जा रहा है। स्पर्धा में अंडर-19 आयु

वर्ग के पहले मुकाबले में मेजबान मध्य प्रदेश की चुनौती को आगे बढ़ाते हुए एमरल्ड हाइट्स स्कूल ने बड़ी जीत हासिल की। एमरल्ड हाइट्स स्कूल की टक्कर हैदराबाद पब्लिक स्कूल की टीम से हुई। इंदौर के खिलाड़ियों ने आक्रामक खेल दिखाते हुए हैदराबाद की टीम को 14-9 अंकों के बड़े अंतर से पराजित किया।

दिन के दूसरे मैच में राजस्थान के बिरला पब्लिक स्कूल पिलानी और मोहाली के यादवेंद्र पब्लिक स्कूल की टक्कर हुई। पिलानी की टीम ने दोगुने अंतर से यह मुकाबला अपने नाम करते हुए मैच को 22-12 अंकों से जीता।