मोबाइल हैक कर फरियादी के खाते से उड़ाए 4 लाख
सराफा थाना क्षेत्र में साइबर अपराधियों द्वारा मोबाइल हैक कर एक व्यक्ति के खाते से लाखों रुपये उड़ा लिए गए। यहाँ एक अज्ञात शातिर जालसाज ने फरियादी के मोबाइल का एक्सेस हासिल कर लिया और बड़ी चालाकी से यूपीआई के माध्यम से उनके बैंक खाते से 3 लाख 92 हजार रुपये निकाल लिए। खाते से इतनी बड़ी रकम अचानक साफ होने का पता चलते ही पीड़ित के होश उड़ गए।
सराफा थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर अज्ञात साइबर ठग के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार फरियादी कल्पेश पिता नेमीचंद जैन निवासी विंध्याचल कॉलोनी ने थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई है। पीड़ित कल्पेश ने पुलिस को बताया कि जब वे इतवारिया बाजार में थे तभी किसी अज्ञात हैकर ने उनके मोबाइल को रिमोट एक्सेस या किसी संदिग्ध लिंक के जरिए पूरी तरह हैक कर लिया था।
इसके बाद आरोपी ने उनकी सहमति और जानकारी के बिना बैंक खाते में सेंध लगाई और यूपीआई ट्रांजेक्शन के जरिए अलग-अलग किस्तों में कुल 3 लाख 92 हजार 3 रुपये ट्रांसफर कर लिए। सराफा पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शरू कर दी है पुलिस टीम उन बैंक खातों और मोबाइल नंबर्स को ट्रेस कर रही है जिनमें यह रकम ट्रांसफर की गई है।
