दो ट्रकों में भिड़ंत, कटर से केबिन काटकर पुलिस ने घायल को बाहर निकाला
इंदौर। कनाडिया बायपास पर देवगुराड़िया ब्रिज के पास देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क किनारे खड़े दूसरे ट्रक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। भिड़ंत इतनी तीक्र थी कि पीछे वाले ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और उसका चालक केबिन के भीतर ही बुरी तरह फंस गया।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने राहगिरों की मदद से कटर का इस्तेमाल कर केबिन को काटा और काफी मशक्कत के बाद गंभीर रूप से घायल चालक को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। पुलिस के अनुसार, दुर्घटना देर रात भोपाल मार्ग की ओर जाने वाली लेन पर हुई। पुलिस ने दोनों ट्रकों को कब्जे में ले लिया है और सड़क किनारे लापरवाही से ट्रक खड़ा करने वाले चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
