10 रुपये नहीं देने पर छोटे भाई ने बड़े भाई को चाकू मारे
बीच-बचाव करने आई मां पर भी ईंट से हमला
इंदौर। तेजाजी नगर थाना क्षेत्र में 10 रुपये मांगने को लेकर हुए विवाद में एक छोटे भाई ने अपने ही बड़े भाई पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। इस दौरान बीच-बचाव करने आई मां पर भी आरोपी ने ईंट से वार कर दिया, जिससे मां और बेटा दोनों घायल हो गए।
पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, घटना खंडवा रोड पर अशोक राज होटल के पास की है। फरियादी राज पिता घनश्याम करोले निवासी नई बस्ती निरंजनपुर, हाल मुकाम खंडवा रोड की रिपोर्ट पर आरोपी छोटे भाई आर्यन पिता घनश्याम के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
फरियादी राज ने पुलिस को बताया कि उसके छोटे भाई आर्यन ने उससे 10 रुपये मांगे तो उसने पैसे नहीं होने की बात कही, तो आरोपी गुस्सा हो गया और गाली-गलौज करने लगा। कहा-सुनी बढ़ने पर आरोपी आर्यन घर के अंदर से चाकू उठाकर लाया और राज की गर्दन व हाथ पर ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे वह खून से लथपथ हो गया। शोर सुनकर जब उनकी मां पिंकी बीच-बचाव करने पहुंचीं तो आरोपी ने उन पर भी ईंट से हमला कर दिया। इस हमले में मां को भी चोटें आई हैं। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से भाग निकला।
