स्कूटर की डिक्की तोड़कर 1.60 लाख रुपये और लाइसेंस चोरी, केस दर्ज
इंदौर। बाणगंगा थाना क्षेत्र के लोटस पार्क में चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है। एक अज्ञात बदमाश ने पार्क के पास खड़ी इलेक्ट्रिक स्कूटर की डिक्की तोड़कर उसमें रखे 1 लाख 60 हजार रुपये नगद और महत्वपूर्ण दस्तावेज पार कर दिए।
फरियादी की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, फरियादी कैलाश पिता रामप्रसाद साहू (66)निवासी लोटस पार्क ने बाणगंगा थाने में चोरी की शिकायत दर्ज कराई है। फरियादी ने पुलिस को बताया कि उन्होंने अपनी आईक्यूब स्कूटर पार्क के पास खड़ी की थी।
इसी दौरान अज्ञात बदमाश ने मौका पाकर स्कूटर की डिक्की का लॉक तोड़ दिया। डिक्की के अंदर रखे 1,60,000 रुपये नगद, फरियादी और उनके बेटे विजेंद्र साहू के ड्राइविंग लाइसेंस सहित अन्य सामान चोर चुराकर रफूचक्कर हो गया। जब फरियादी गाड़ी के पास पहुंचे तो डिक्की टूटी हुई मिली और उसमें रखे पैसे व दस्तावेज गायब थे।
इसके बाद पीड़ित ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। बाणगंगा थाना पुलिस ने फरियादी कैलाश साहू की रिपोर्ट पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपी का सुराग जुटाया जा सके।
