सड़कों का पैच वर्क करने के लिए निगम को नहीं मिल रहे हैं ठेकेदार
2 करोड़ के काम को करने के लिए जारी करेंगे दूसरी बार टेंडर
खस्ता हाल हो चुकी इंदौर की सड़कों का पैच वर्क करने के लिए इंदौर नगर निगम को ठेकेदार नहीं मिल रहे हैं। निगम के द्वारा इस कार्य को 2 कऱोड़ रुपए खर्च कर करवाना प्रस्तावित किया गया है। ठेकेदार नहीं मिलने के कारण अब इस काम के लिए दूसरी बार टेंडर जारी किया जाएगा।
इंदौर नगर निगम की खराब वित्तीय हालात के कारण निगम के द्वारा विकास कार्यों के लिए जारी किए जाने वाले टेंडर में ठेकेदार भाग नहीं लेते हैं। इसके पीछे कारण यह है कि ठेकेदारों को यह मालूम है कि काम तो हम अभी कर देंगे लेकिन इस काम का पैसा कब मिलेगा यह निश्चित नहीं है। निगम के द्वारा ठेकेदारों को उनके काम के पैसे का भुगतान कई सालों तक नहीं किया जाता है।
यही कारण है कि अब ठेकेदारों के द्वारा नगर निगम के अलग- अलग प्रोजेक्ट के काम को करने में रुचि नहीं ली जा रही है। नगर निगम के द्वारा पिछले दिनों 2 करोड रुपए की लागत से इंदौर की सड़कों का पैच वर्क करने का टेंडर जारी किया गया था। इस टेंडर में एक भी ठेकेदार ने भाग नहीं लिया।
किसी के द्वारा टेंडर नहीं भरा गया। अब बारिश का मौसम तो वैसे भी समापन की तरफ बढ़ना शुरू हो गया है। इस समय जब बारिश का मौसम अपने पिक पर होना चाहिए उस समय पर इंदौर शहर पानी के लिए तरसता हुआ नजर आ रहा है। ऐसे में नगर निगम जब चाहे तब पैच वर्क का काम करवा सकता है। इस काम को करवाने में मौसम कहीं भी आडे नहीं आ रहा है।
अब इस काम के लिए ठेकेदार नहीं मिलने के कारण नगर निगम के अधिकारी बेचैन है। इस स्थिति में निगम के अधिकारियों की कल एक अनौपचारिक बैठक हुई। इस बैठक में उन्होंने अब शहर की सड़कों का पैच वर्क का काम किस तरह से कराया जाए इस बारे में विचार विमर्श किया। विचार के बाद अधिकारियों के द्वारा यह फैसला लिया गया कि इस काम के लिए फिर से टेंडर जारी कर दिया जाए। अब यह टेंडर एक-दो दिन में ही जारी करने की तैयारी की जा रही है।
