सोमवार, 12 अक्टूबर 2026

शव रखकर चक्काजाम करने वालों पर केस दर्ज

दीपमाला चौराहे पर लगा था लंबा जाम

इंदौर। बाणगंगा थाना क्षेत्र में हुई हत्या के बाद शव को दीपमाला चौराहे उज्जैन-इंदौर मार्ग पर रखकर यातायात बाधित करने और बिना अनुमति प्रदर्शन करने वाले आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। पुलिस द्वारा मृतक के परिजनों को समझाइश दी गई थी और परिजन कार्रवाई से संतुष्ट भी थे, लेकिन आरोपियों ने चक्काजाम कर रास्ता रोक दिया था।

पुलिस के अनुसार, मृतक श्रीराम राजपूत का शव सड़क पर रखकर श्याम सिंह राजपूत, देवेंद्र सिंह राजपूत, देवेन्द्र, राजपाल, बादल जायसवाल, बलराज उर्फ बलवीर, सोनू सिंह राजपूत, राज राजपूत, सुनील, सतीश कबाड़ी, विक्की चौहान, शिवम, जय डीजे और उनके अन्य साथियों ने अवैध रूप से धरना-प्रदर्शन किया। बिना अनुमति किए गए इस चक्काजाम के कारण इंदौर-उज्जैन मार्ग पर काफी समय तक वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आम यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा। बाणगंगा पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।