सोमवार, 12 अक्टूबर 2026

खजराना गणेश मंदिर के कामों में दिखने लगी तेजी

प्रसाद दुकानों के बाहर बनने लगा वॉटर प्रूफ शेड

न.प्र.)। खजराना गणेश मंदिर में अब मंदिर प्रबंधन द्वारा चलाए जा रहे मास्टर प्लान के तहत विकास कार्यों और सौंदर्यकरण के कामों में अब पहले से ज्यादा तेजी दिखने लगी है। एक तरफ जहां मंदिर के गर्भगृह में दर्शनार्थियों के लिए दर्शनों की व्यवस्था को सुलभ और व्यवस्थित करने का काम चल रहा है।

जिसके तहत मुख्य द्वार को कई गुना चौड़ा किया गया है। वहीं अब प्रसाद दुकानों के सामने वॉटर प्रूफ शेड लगाने का काम भी तेजी के साथ शुरू हो गया है, जो अगले कुछ दिनों में बेहद जल्द पूरा कर लिया जाएगा। जिसको लेकर मंदिर प्रबंधन और जिला प्रशासन द्वारा लगातार मानीटरिंग की जा रही है।

इसका फायदा मंदिर दर्शन करने आने वाले श्रद्धालुओं के साथ प्रसाद दुकान वाले व्यापारियों को भी मिलेगा। इसका सबसे बड़ा फायदा खजराना गणेश मंदिर दर्शनों के लिए देश- विदेश से आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को। मिलेगा। गौरतलब है कि अगले माह 16 सितंबर से गणेश चतुर्थी महोत्सव प्रारंभ होने जा रहा है।

इस दस दिवसीय भव्य आयोजन में देशभर से लाखों गणेश भक्त दर्शनों के लिए पहुंचेंगे। तब तक नया वाटरप्रूफ शेड बनकर तैयार हो जाने से बारिश के दौरान गीला होने से टाइल्स पर फिसलन नहीं होगी। साथ ही दिन में तेज धूप के दौरान भी गणेश जी के भक्त आसानी से बगैर गर्मी में तपे और मानसून में बारिश में भीगे बिना अपने आराध्य प्रभु के दर्शन आसानी से कर सकेंगे।

साथ ही यहां पूजन सामग्री और प्रसाद की दुकान लगाने वाले व्यापारियों को भी गर्मी और बरसात के दिनों में वॉटर प्रूफ शेड लगने से सुविधा मिलेगी।

तेजी से चल रहे मास्टर प्लान के काम-

मंदिर के मुख्य पुजारी अशोक भट्ट का कहना है कि वर्तमान में मंदिर में भीतर टाइल्स लगाने और मुख्य प्रवेश द्वार चौडीकरण और संवारने के कार्य के साथ प्रसाद दुकानों के सामने बीच के हिस्से में वॉटर प्रूफ शेड निर्माण कार्य भी तेजी के साथ चल रहा है। साथ ही आने वाले दिनों में कुछ अन्य नए काम भी जल्द शुरू होंगे।