आज हरियाली अमावस्या पर आस्था की दरकार
ओंकारेश्वर और उज्जैन भी बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालु, पवित्र नदियों का पूजन भी, घरों में दी जा रही है धूप
सावन माह के 15 दिन निकल चुके हैं और आज मध्य में हरियाली अमावस्या मनाई जा रही है। घरों में जहां धूप दी जा रही है वहीं कई जगह आज कन्याभोज और पितरों को धूप दी जा रही है। वहीं आज सुबह से भगवान भोलेनाथ के अलावा अन्य मंदिरों में भी पूजन-अर्चन के दौर चल रहे हैं।
आज सुबह से गौशालाओं में भी श्रद्धालुओं ने पहुंचकर गौ पेटपूजा कराई और सेवाकार्य किया। इधर आज कई श्रद्धालु ओंकारेश्वर, खेड़ीघाट बड़वाह और उज्जैन के अलावा महेश्वर भी पवित्र नदियों के पूजन करने निकले। बाबा ओंकारेश्वर-ममलेश्वर की पूजा आराधना के लिए आज भीड़ है, वहीं यह स्थिति आज उज्जैन महाकाल बाबा की भी है, जहां बड़ी भीड़ है।
क्षिप्रा और नर्मदा नदी में आज पूजन के अलावा चुनरी अर्पण का कार्यक्रम भी किया जा रहा है। आज हरियाली अमावस्या है, इसलिए कई संस्थाओं ने आज सुबह से पौधारोपण के आयोजन भी रखे हैं। कई जगह हनुमान चालीसा के पाठ और सुन्दरकांड के पाठ भी होंगे।
इसी कड़ी में पितृ पर्वत पर दोपहर 3:30 बजे हनुमान चालीसा का सामूहिक पाठ होगा। इसके बाद पौधारोपण कार्यक्रम भी होगा।
