सिराज बने हेयरस्टाइलिस्ट, सरफराज के बाल सेट करते हुए दिखे
कोलंबो। श्रीलंका के खिलाफ आगामी दो मैचों की टेस्ट सीरीज से पहले भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाड़ी मैदान के बाहर फुर्सत के पलों का आनंद ले रहे हैं। इसी दौरान तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज का एक बेहद मजेदार वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वे साथी बल्लेबाज सरफराज खान के हेयरस्टाइलिस्ट की भूमिका निभाते नजर आ रहे हैं।
सीरीज की तैयारियों के बीच सरफराज खान, शुभमन गिल और त्रषभ पंत श्रीलंका के प्रसिद्ध हेयरस्टाइलिस्ट चतुरंगा के सैलून पहुंचे थे। वहां मौजूद मोहम्मद सिराज ने खुद ट्रिमर थाम लिया और सरफराज के बाल काटने लगे। हालांकि, सिराज ने यह काम जल्दबाजी में नहीं किया, उन्होंने पहले हेयरस्टाइलिस्ट चतुरंगा से ट्रिमर की सही सेटिंग और तकनीक समझी और फिर सरफराज के बालों पर ट्रिमर चलाया।
बाद में चतुरंगा ने फिनिशिंग कटिंग पूरी की, जिसकी सरफराज और त्रषभ पंत ने जमकर तारीफ की। सरफराज खान के लिए यह दौरा काफी अहम माना जा रहा है। शुरुआत में उन्हें स्क्वॉड में जगह नहीं मिली थी, लेकिन युवा बल्लेबाज साई सुदर्शन के चोटिल होने के बाद उन्हें आपातकालीन रिप्लेसमेंट के तौर पर टीम में शामिल किया गया।
साल 2024 में भारत के लिए टेस्ट डेब्यू करने वाले सरफराज अब तक 6 टेस्ट मैचों में 371 रन (1 शतक और 3 अर्धशतक) बना चुके हैं और वे अपनी इस वापसी को भुनाने के लिए ट्रेनिंग में जुट गए हैं। इस टेस्ट सीरीज में मोहम्मद सिराज भारतीय तेज गेंदबाजी आक्रमण की अगुवाई करेंगे। स्टार पेसर जसप्रीत बुमराह फिटनेस क्लियरेंस न मिल पाने के कारण सीरीज से बाहर हो गए हैं।
ऐसे में अनुभवी सिराज पर पेस डिपार्टमेंट को संभालने की बड़ी जिम्मेदारी होगी, जहां उनका साथ देने के लिए प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बरार और जम्मू-कश्मीर के युवा तेज गेंदबाज आकिब नबी स्क्वॉड में शामिल हैं।
