आखिरकार 10 साल बाद रोनाल्डो ने रचाई शादी, जॉर्जिना को दिया सरप्राइज
नई दिल्ली। फुटबॉल की दुनिया के महानायक क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने मैदान से दूर अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर फैंस को एक बहुत बड़ा सरप्राइज दिया है। पुर्तगाल के इस दिग्गज फुटबॉलर ने अपनी लॉन्ग-टर्म पार्टनर जॉर्जिना रोड्रिगेज के साथ 11 अगस्त को शादी के अटूट बंधन में बंधने का फैसला किया।
इस खबर के सामने आते ही सोशल मीडिया पर फैंस का तांता लग गया। रोनाल्डो ने खुद अपनी और जॉर्जिना की एक बेहद खूबसूरत तस्वीर शेयर कर इस खबर पर मुहर लगाई जिसमें दोनों एक-दूसरे का हाथ थामे अपनी वेडिंग रिंग्स दिखाते नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि यह शादी पुर्तगाल की राजधानी लिस्बन के पास स्थित खूबसूरत तटीय शहर कासकैश में संपन्न हुई।
शादी का यह समारोह बेहद निजी और आत्मीय था जिसमें किसी बड़े तामझाम के बजाय सिर्फ यह जोड़ा और उनके पांचों बच्चे ही शामिल हुए। रोनाल्डो और जॉर्जिना के इन पांच बच्चों के नाम क्रिस्टियानो जूनियर, जुड़वां बच्चे ईवा व मातेओ, अलाना मार्तिना और बेला एस्मेराल्डा हैं।
2016 में हुई थी रिश्ते
की शुरुआत- दोनों के रिश्ते की शुरुआत करीब एक दशक पहले 2016 में स्पेन की राजधानी मैड्रिड में हुई थी। तब रोनाल्डो रियल मैड्रिड के लिए खेला करते थे और जॉर्जिना गुच्ची के एक बुटीक में सेल्स असिस्टेंट के रूप में काम करती थीं। पहली मुलाकात के कुछ ही दिनों बाद एक ब्रांड इवेंट में दोनों की दोबारा बातचीत हुई, जिसके बाद प्यार का यह सिलसिला शुरू हुआ। स्पेन से शुरू हुआ यह सफर इटली, इंग्लैंड और अब सऊदी अरब तक पहुंचते-पहुंचते एक बेहद खूबसूरत और मजबूत परिवार में बदल चुका है।
5 बच्चों के माता-पिता-
नवंबर 2017 में जॉर्जिना ने अपनी पहली बेटी अलाना मार्तिना को जन्म दिया था। हालांकि, उससे कुछ ही महीने पहले सरोगेसी के जरिए जन्म लेने वाले जुड़वां बच्चों (मातेओ और ईवा) और रोनाल्डो के बड़े बेटे क्रिस्टियानो जूनियर को भी जॉर्जिना ने हमेशा अपने सगे बच्चों की तरह ही पाला-पोसा है। दोनों हमेशा से ही एक- दूसरे के सुख-दुख में ढाल बनकर खड़े रहे हैं।
