पुरानी बात को लेकर दंपत्ति से मारपीट
महिला के पेट में मारी लात, चार पर केस दर्ज
इंदौर। आजाद नगर थाना क्षेत्र में रास्ते में रोककर एक दंपत्ति के साथ गाली-गलौज कर आरोपियों ने पुरानी रंजिश के चलते पति-पत्नी को घेर लिया और फोन करके अपने अन्य साथियों को भी बुला लिया। आरोपियों ने महिला के साथ अभद्रता करते हुए उसके पेट में लात मार दी और बीच-बचाव करने आए उसके पति को भी लात-घूंसों से जमकर पीटा।
पीड़ित महिला की शिकायत पर पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, गणेश नगर निवासी फरियादी वंशिका पति सुमित खरत ने आजाद नगर थाने में उपस्थित होकर शिकायत दर्ज कराई है। फरियादी ने पुलिस को बताया कि वह अपने पति सुमित के साथ तीन इमली चौराहे से होकर अपने घर लौट रही थी।
इसी दौरान रास्ते में आरोपी अनुरूप मंडलोई और उसका दोस्त अतुल आए और पुरानी बात को लेकर उनके साथ गाली-गलौज करने लगे। विवाद के दौरान आरोपी अनुरूप ने अपने मोबाइल से कॉल करके अपने दो अन्य साथियों अजय और दीपक मुजाल्दा को भी मौके पर बुला लिया। वहां पहुंचते ही आरोपियों ने दंपत्ति के साथ मारपीट और गाली-गलौज शुरू कर दी।
जब फरियादी महिला ने उन्हें गाली देने से मना किया, तो आरोपी अतुल ने उसके पेट में लात मार दी। पत्नी को पिटता देख जब पति सुमित बीच- बचाव करने आगे आया, तो आरोपी अनुरूप और अतुल ने मिलकर सुमित के साथ भी हाथ-घूंसों से जमकर मारपीट की।
