सोमवार, 12 अक्टूबर 2026

15 अगस्त से पहले हो जाएगा तैयार मूसाखेड़ी क्षेत्र का पहला योगा शेड

रिंग रोड पर सर्विस रोड और ग्रीन बैल्ट के पास खाली हिस्से में हो रहा योग केंद्र तैयार

इंदौर। विधानसभा 5 के अंतर्गत वार्ड क्रमांक 54 में स्थित पिंक सिटी कॉलोनी के सामने आने वाले दिनों में बेहद जल्द 15 अगस्त के आसपास मूसाखेड़ी क्षेत्र का पहला योगा शेड बनकर तैयार हो जाएगा। जिसका वर्तमान में इन दिनों बेहद तेजी के साथ काम चल रहा है।

गौरतलब है कि मूसाखेड़ी क्षेत्र में अब तक किसी भी वार्ड में कोई भी योग केंद्र नहीं बन पाया था। इसलिए क्षेत्रीय पार्षद महेश बसवाल ने अपने क्षेत्र के लिए विशेष रुचि लेते हुए महापौर पुष्यमित्र भार्गव से अपने वार्ड की पिंक सिटी कॉलोनी के ठीक सामने ग्रीन बेल्ट की खाली जगह पर उजाड़ बगीचे की जगह क्षेत्र के रहवासियों के लिए मूसाखेड़ी - मयूर नगर क्षेत्र में रिंग रोड सर्विस रोड के पास आधुनिक सुविधाओं वाला नवीन योगा शेड का निर्माण कार्य पिछले दिनों शुरू करवा दिया गया था। जो अब बेहद जल्द बनकर तैयार होने वाला है।

वहीं क्षेत्रीय पार्षद महेश बसवाल ने बताया कि हमारा प्रयास है कि इसी माह 15 अगस्त से पहले क्षेत्र के रहवासियों के लिए सौगात के रूप में क्षेत्र का पहला योग केंद्र का निर्माण कार्य जल्द से जल्द पूरा हो जाए। ताकि हमारे महापौर पुष्यमित्र भार्गव और विधायक महेंद्र हार्डिया के हाथों तैयार हो रहें नवीन योग केंद्र का शुभारंभ कर जनता के सुपुर्द किया जाए। जिससे क्षेत्र की पिंक सिटी, मयूर नगर, साटम पार्क कॉलोनी, शांति नगर हरिओम पन्ना नगर इंद्रिश नगर, मेट्रो सिटी सहित आसपास की अन्य कॉलोनीयों के रहवासी सेहत बनाने के लिए योग केंद्र का उपयोग कर सकेंगे।

इसके लिए लोगों को घर से ज्यादा दूर नहीं जाना पड़ेगा। बल्कि घर के बेहद नजदीक ग्रीन बेल्ट की खाली जगह पर शानदार बगीचे के साथ वॉटरप्रूफ योग केंद्र की सौगात भी मिलने वाली है। जिसको लेकर वर्तमान में यहां बेहद तेजी के साथ काम चल रहा है। कहा जा रहा है कि अगले 15 अगस्त के आसपास योगा शेड का काम हर हाल में पूरा कर लिया जाएगा।