बेकाबू होकर पलटा गैस टंकियों से भरा ट्रक, कैबिन में फंसा चालक, खंडवा रोड पर लगा जाम मांगलिया डिपो से बुरहानपुर जा रहा था ट्रक
इंदौर। सिमरोल थाना क्षेत्र में खंडवा रोड भेरूघाट पर कल रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। मांगलिया डिपो से एलपीजी गैस टंकियां भरकर बुरहानपुर जा रहा एक तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर घाट पर पलट गया। हादसे के बाद एलपीजी टंकियां सड़क पर बिखर गईं, जिससे खंडवा रोड पर यातायात प्रभावित हो गया।
वहीं, ट्रक चालक कैबिन में ही फंस गया, जिसे ग्रामीणों और पुलिस की मदद से सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुँचाया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुँच गई थी। मांगलिया डिपो से रवाना हुआ ट्रक जैसे ही भेरूघाट के ढलान से गुजर रहा था, तभी चालक नियंत्रण खो बैठा और वाहन पलट गया।
हादसे के चलते सड़क पर जाम की स्थिति बन गई, जिसे पुलिस ने क्रेन बुलाकर दुर्घटनाग्रस्त ट्रक और बिखरी टंकियों को हटवाकर बहाल कराया। पुलिस ने मामला कायम कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
