गुरु गोविंदसिंहजी का अपमान करने वालों पर कार्रवाई की मांग
कांग्रेस के पूर्व इंदौर संभागीय प्रवक्ता सन्नी राजपाल ने बताया कि सोशल मीडिया पर जो आडियो-वीडियो वायरल हुआ है उसमें कानपुर के भाजपा कार्यकर्ता अजय द्वारा श्री गुरु गोविंद सिंह जी के विरुद्ध अत्यंत आपत्तिजनक और निंदनीय टिप्पणी की गई है। इससे भी अधिक दुर्भाग्यपूर्ण यह है कि वायरल वीडियो में एक भाजपा नेता खुद को 'भारत सरकार से' बताकर आरोपी की खुलेआम पैरवी कर रहा है और प्रशासन से ‘मामले को रफा-दफा' करने की बात कर रहा है।
श्री गुरु गोविंद सिंह जी सम्पूर्ण मानवता के आदर्श, त्याग और बलिदान के प्रतीक हैं। उनके खिलाफ इस तरह की अभद्र भाषा और फिर सत्ता के नाम पर अपराधी को बचाने का प्रयास सिख समाज ही नहीं बल्कि पूरे देश की धार्मिक भावनाओं पर गहरा आघात है। इस घटना से सिख समाजजनों में रोष है। गुरु के खिलाफ अनर्गल बाते करने के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग राजपाल ने की है।
