अनन्या, दीक्षिका, अंशिका, कनीषा ने बढ़ाया मध्य प्रदेश का मान
इंदौर। मेजबान एमरल्ड हाइट्स इंटरनेशनल स्कूल की अनन्या गोधा, दीक्षिका परिहार, अंशिका सिंह, कनीषा माहेश्वरी ने प्रभावी प्रदर्शन करते हुए प्रतिष्ठित ऑल इंडिया आइपीएससी योग स्पर्धा में पदकीय सफलता हासिल की। देश के विभिन्न राज्यों की टीमें स्थानीय एमरल्ड हाइट्स इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित टूर्नामेंट में अपनी चुनौती पेश कर रही हैं।
स्पर्धा के आर्टिस्टिक योग स्पर्धा के अंडर-14 बालिका वर्ग में जयपुर के महारानी गायत्री देवी गर्ल्स स्कूल की दिविशा घिल्डियाल को पहला स्थान मिला। एमरल्ड हाइट्स इंटरनेशनल स्कूल की कनीषा माहेश्वरी को दूसरे स्थान से संतोष करना पड़ा जबकि ग्वालियर के सिंधिया कन्या विद्यालय की वदान्या अग्रवाल को तीसरा स्थान मिला। अंडर-17 बालिका वर्ग में राजकोट के राजकुमार कॉलेज की मानस्वी रावेशिया को पहला, जयपुर के महारानी गायत्री देवी गर्ल्स स्कूल की नव्या वर्मा को दूसरा और इंदौर के डेली कॉलेज की मीशा पटेल को तीसरा स्थान मिला।
अंडर-19 बालिका वर्ग में मेजबान एमरल्ड हाइट्स स्कूल की अनन्या गोधा ने स्वर्ण जीता जबकि कर्नाटक के कित्तूर रानी सैनिक स्कूल की लक्ष्मी को रजत और ग्वालियर के सिंधिया कन्या विद्यालय की सिद्धि बडोनिया को कांस्य पदक हासिल हुआ।
बालिका रिदमिक पेयर अंडर- 14 बालिका वर्ग में ग्वालियर के सिंधिया कन्या विद्यालय को पहला स्थान मिला। इस टीम में वदान्या अग्रवाल और नविका सिंह शामिल थीं। इंदौर के एमरल्ड हाइट्स स्कूल के लिए दीक्षिका परिहार व अंशिका सिंह ने रजत पदक जीता। जोधपुर के राजमाता कृष्णा कुमारी गर्ल्स पब्लिक स्कूल की रितिका चौधरी व मायशा लाहोटी ने कांस्य पदक जीता।
अंडर-17 वर्ग में ग्वालियर के सिंधिया कन्या विद्यालय की सेरिल्डा आंगोम व आहाना अग्रवाल को स्वर्ण पदक मिला। एमरल्ड हाइट्स की अविका शर्मा व रिद्धि खत्री को रजत पदक प्राप्त हुआ। राजकोट के राजकुमार कॉलेज की वियोना भागदेव व हीर उंधावद को कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा।
