स्पंटँर्स
चलते मैच में मैदान पर बिजली गिरी, झुलस गए खिलाड़ी
नई दिल्ली। थाईलैंड में एक स्थानीय फुटबॉल टूर्नामेंट के दौरान दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है। मंगलवार को एक मैच के दौरान मैदान पर अचानक आकाशीय बिजली गिर गई जिसकी चपेट में आकर 24 वर्षीय युवा फुटबॉल खिलाड़ी सोफवान अवारे की मौत हो गई। इस भीषण हादसे में मैदान पर मौजूद 12 अन्य खिलाड़ी भी घायल हो गए जिनका इलाज जारी है।
घटना नराथिवाट प्रांत के सुंगई गोलोक शहर स्थित शांतिफाप स्टेडियम की है जहां गोलोक एफए कप का सेमीफाइनल मुकाबला खेला जा रहा था। शाम करीब 5:30 बजे अचानक मौसम बिगड़ा और तेज आंधी- तूफान शुरू हो गया। इसके बावजूद खेल रोका नहीं गया और मैच जारी रहा। इसी दौरान एक जोरदार धमाके के साथ मैदान के ठीक बीच में बिजली गिरी जिससे खिलाड़ी उसकी सीधी जद में आ गए।
सोफवान की जान चली गई
बिजली का झटका लगते ही सोफवान अवारे गंभीर रूप से झुलसकर अचेत हो गए। मैदान में तैनात मेडिकल रिस्पॉन्स टीम ने तुरंत उन्हें होश में लाने की कोशिश की और आनन-फानन में नजदीकी अस्पताल पहुंचाया लेकिन डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बाद भी उन्हें बचाया नहीं जा सका। मामले की पुष्टि करते हुए सुंगई गोलोक के पुलिस प्रमुख कर्नल थून सिरिखंत ने कहा, इमरजेंसी मेडिकल टीम ने खिलाड़ी की जान बचाने की हरसंभव कोशिश की, लेकिन हादसे में लगी गंभीर चोटों और बर्न इंजरी के कारण उसकी मौत हो गई।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे घटना के फुटेज में वह भयावह मंजर साफ दिखाई दे रहा है। कैमरे में एक बेहद तेज रोशनी और कान फोड़ देने वाली आवाज दर्ज हुई जिसके तुरंत बाद कई खिलाड़ी ताश के पत्तों की तरह जमीन पर गिर पड़े। इसके बाद पूरे स्टेडियम में हड़कंप मच गया और दर्शक, टीम अधिकारी और सुरक्षाकर्मी घायलों की मदद के लिए दौड़ पड़े।
