जनसुनवाई में जरूरतमंदों को मिल रही राहत
इंदौर कलेक्टर कार्यालय में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशानुसार आयोजित हो रही साप्ताहिक जनसुनवाई आमजन की समस्याओं के त्वरित एवं संवेदनशील निराकरण का प्रभावी माध्यम बन रही है। जनसुनवाई में पहुंचे नागरिकों ने अपनी समस्याएं एवं आवश्यकताएं कलेक्टर शिवम वर्मा के समक्ष रखीं। कलेक्टर ने प्रत्येक प्रकरण को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए तथा पात्र हितग्राहियों को तत्काल राहत एवं सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश जारी किए।
जनसुनवाई के माध्यम से प्रशासन निरंतर आमजन की समस्याओं का समयबद्ध एवं प्रभावी निराकरण सुनिश्चित कर रहा है। जनसुनवाई में थैलेसीमिया सोसाइटी ऑफ इंदौर संस्था के सचिव सुधीर मधवानी कार्यकर्ताओं सहित जनसुनवाई में पहुंचे और कलेक्टर शिवम वर्मा का पुष्पगुच्छ भेंट कर आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि गत जनसुनवाई में संस्था ने थैलेसीमिया से पीड़ित बच्चों के उपचार के लिए आवश्यक इंजेक्शन पंप उपलब्ध नहीं होने की समस्या रखी थी।
प्रत्येक पंप की लागत लगभग 1 लाख 90 हजार रुपये होने के कारण संस्था इन्हें खरीदने में सक्षम नहीं थी। इस पर कलेक्टर शिवम वर्मा ने त्वरित संवेदनशीलता दिखाते हुए संस्था को 10 इंजेक्शन पंप उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, जिनकी कुल लागत लगभग 19 लाख रुपये है। पुष्पा बाई ने कलेक्टर को बताया कि वे दिव्यांग हैं तथा पिछले छह माह से उनकी दिव्यांग पेंशन खाते में जमा नहीं हो रही है।
पेंशन बंद होने से उन्हें जीवनयापन और घर चलाने में गंभीर आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। कलेक्टर ने उनकी समस्या को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल पेंशन पुनः प्रारंभ कराने के निर्देश दिए। साथ ही त्वरित राहत के रूप में आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए।
जनसुनवाई में विभिन्न विभागों से संबंधित 300 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए, जिन पर कलेक्टर वर्मा के निर्देशन में संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
