सोमवार, 12 अक्टूबर 2026

मास्टर प्लान की सर्विस रोड की हटने लगी बाधाएं

सांवरिया धाम से रिंग रोड चौराहे तक लंबे समय से निर्माणधीन मास्टर प्लान की सर्विस रोड की अंतिम बाधाएं अब धीरे-धीरे हटने लगी है। जिसके अंतर्गत करीब 70 फीट चौड़ी बन रही मास्टर प्लान की 23 सड़कों में शामिल 35-35 फीट चौड़ी सर्विस रोड निर्माण में लंबे समय से दो दर्जन से ज्यादा आड़े तिरछे बिजली के खंभे हटाने और करीब आधा दर्जन बड़ी डीपी हटाकर उन्हें शिफ्टिंग का कार्य अब इन दिनों तेजी के साथ चल रहा है।

निर्माण कार्य में भी अब दिखने लगी तेजी

सड़क निर्माण और चौड़ीकरण कार्य में महीनों से बाधक डीपी और बिजली के बड़े पोल हटाकर शिफ्टिंग करने की प्रक्रिया शुरू होते ही अब निर्माण कार्य में भी तेजी दिखने लगी है। जहां सर्विस रोड के निर्माण के अलावा फुटपाथ निर्माण कार्य के साथ बीच के हिस्से में सेंट्रल डिवाइडर लाइन बनाने का काम भी तेजी के साथ पूरा किया जा रहा है। इसके बाद जल्द बीच के हिस्से में लाइटिंग और हरियाली का काम भी किया जाएगा।

जिसको लेकर भी प्लानिंग चल रही है। वहीं सर्विस रोड़ निर्माण प्रोजेक्ट से जुड़े अफसरों के मुताबिक दोनों तरफ आधी से ज्यादा सर्विस रोड निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। यही नहीं अब दोनों तरफ से बाधक बिजली के पोल और डीपी हटाने की कार्यवाही शुरू कर नए बिजली के पोल लगाने और लाइन और डीपी शिफ्टिंग की प्रक्रिया भी तेजी के साथ चल रही है।

25 से 30 दुकानों वाले मटन मार्केट को भी हटाने की तैयारी

वहीं बताया जा रहा है कि मूसाखेड़ी रिंगरोड़ चौराहे से लगे 25 से 30 दुकानों वाले मटन मार्केट को हटाने और शिफ्टिंग के लिए भी निगम ने तैयारी शुरू कर दी है। जिसके लिए दुकानदारों से अंतिम दौर की बातचीत की जाएगी। जबकि नोटिस देने की कार्यवाही पहले ही हो चुकी है।

वहीं अब आने वाले दिनों में बेहद जल्द इस मार्केट की शिफ्टिंग प्रक्रिया के तहत वैकल्पिक जगह का समाधान होते ही निर्माण कार्य और ज्यादा तेज हो जाएगा। वर्तमान में 80 फीसदी के आसपास सर्विस रोड का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। दिलचस्प बात यह है कि कम बाधाएं होने से बगैर ज्यादा तोड़फोड़ के यहां की सर्विस रोड़ निर्माण का कार्य सबसे ज्यादा तेजी के साथ हो रहा है, जबकि बाकी जगह बाधाओं के कारण रफ्तार धीमी है।