पत्नी की प्रताड़ना और जेल भिजवाने की धमकी से तंग पति ने की खुदकुशी
जांच के बाद आरोपी पत्नी पर केस दर्ज
खुड़ैल थाना क्षेत्र के ग्राम बिहाड़िया में एक युवक द्वारा जहरीली गोली खाकर आत्महत्या करने के मामले में खुड़ैल पुलिस ने विस्तृत जांच के बाद मृतक की पत्नी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस जांच और परिजनों के बयानों में यह साफ हुआ है कि पत्नी की लगातार प्रताड़ना, आए दिन रुपयों की मांग और पूरे परिवार को जेल भिजवाने की धमकियों से तंग आकर युवक भारी डिप्रेशन में आ गया था और इसी गृह क्लेश से परेशान होकर उसने अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली थी।
पुलिस ने आरोपी पत्नी के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, यह घटना ग्राम बिहाड़िया की है, जहाँ के निवासी 32 वर्षीय विजय पिता श्रवण यादव ने गत 27 मई को अपने घर पर जहरीला पदार्थ खा लिया था। हालत बिगड़ने पर परिजनों ने उसे तत्काल अस्पताल पहुँचाया था, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी।
घटना के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की थी। मर्ग जांच के दौरान परिजनों के बयान और तकनीकी साक्ष्य जुटाने के बाद पुलिस ने मृतक की पत्नी प्रिया पिता रमाशंकर यादव, निवासी भागीरथपुरा के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। परिजनों ने पुलिस को दिए बयानों में बताया कि प्रिया आए दिन विजय से 10 से 20 हजार रुपये की मांग करती थी।
जब विजय पैसे देने में असमर्थता जताता, तो वह उसे ताने मारती थी और पूरे परिवार को झूठे केस में फंसाकर जेल भिजवाने की धमकी देती थी। पत्नी की इस प्रताड़ना और रोज-रोज के गृह क्लेश के कारण विजय गहरे तनाव और डिप्रेशन का शिकार हो गया था, जिसके चलते उसे रात में नींद तक नहीं आती थी और वह नींद की गोलियां खाने लगा था। आखिरकार प्रताड़ना से तंग आकर उसने यह खौफनाक कदम उठा लिया।
खुड़ैल पुलिस का कहना है कि आरोपी पत्नी के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने की धारा में प्रकरण दर्ज कर लिया गया है।
