आईपीसी बैंक के सीईओ को तत्काल हटाया जाए -किसान मोर्चा
संयुक्त किसान मोर्चा के नेता रामस्वरूप मंत्री, बबलू जाधव एवं आई.पी.सी. बैंक कर्मचारी यूनियन के अध्यक्ष ज्ञानेन्द्र यादव ने इन्दौर के प्रीमियर आपरेटिव बैंक के सीईओ आलोक जैन को तत्काल पद से हटाकर निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों, बैंक कर्मचारियों एवं आमजन से जुड़े गंभीर मामलों के बावजूद संबंधित अधिकारी अब तक पद पर बने हुए हैं, जिससे जांच की निष्पक्षता पर प्रश्नचिह्न खड़े हो रहे हैं। इंदौर में पदस्थापना के दौरान किसानों के फसल बीमा, बैंकिंग कार्यों एवं प्रशासनिक निर्णयों में गंभीर अनियमितताओं की शिकायतें सामने आई थीं।
इन मामलों में जांच समितियां गठित हुईं, किसानों को न्याय के लिए उपभोक्ता फोरम, ट्रिब्यूनल एवं राष्ट्रीय आयोग तक जाना पड़ा। इसके बावजूद दोषियों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं होना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। संयुक्त किसान मोर्चा ने यह भी आरोप लगाया कि बैंक के कई संविदा कर्मचारियों को वर्षों की सेवा के बाद बेरोजगार कर दिया गया, जिससे उनके परिवार आर्थिक संकट में आ गए।
साथ ही लोकायुक्त में दर्ज प्रकरण एवं अन्य लंबित शिकायतों की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारी को तत्काल पद से हटाना आवश्यक है। रामस्वरूप मंत्री, बबलू जाधव, ज्ञानेंद्र यादव ने कहा कि यदि सरकार किसानों, कर्मचारियों और सहकारिता व्यवस्था के प्रति गंभीर है तो भ्रष्टाचार एवं अनियमितताओं के आरोपों से घिरे अधिकारियों को संरक्षण देने के बजाय तत्काल कार्रवाई करे। उन्होंने मुख्यमंत्री, सहकारिता मंत्री एवं राज्य सहकारी बैंक प्रबंधन से मांग की कि आलोक जैन को तत्काल पद से हटाकर उच्च स्तरीय, निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच कराई जाए तथा दोष सिद्ध होने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।
मो. शमीम कुरैशी, विनोद पटेल, मदन परमालिया, अनिल आजाद, गणेश वर्मा, जगदीश सतेया, बंटी कुमरावत, उमाशंकर रायकवार, ओ.पी. वर्मा, सुधीर सेठिया, उमेश पारेख, कैलाश कुशवाहा, संजय जयंत, जगदीश जोशी सहित अन्य मौजूद थे।
