सोमवार, 12 अक्टूबर 2026

युवा कांग्रेसियों को 8 से 10 दिन रहना है दिल्ली

आया फरमान पदाधिकारी तैयारी से आए रहने और भोजन की रहेगी व्यवस्था

दिल्ली में चल रहे छात्र आन्दोलन के अलावा कांग्रेस छात्रों की गूंज कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। लोकसभा में नेताप्रतिपक्ष राहुल गांधी भी लगातार पेपर लीक मामले में सीधे मैदान पकड़े हुए हैं। अब युवक कांग्रेस के राष्ट्रीय नेतृत्व ने प्रदेश प्रभारियों के माध्यम से सभी प्रदेश, शहर, जिला, विधानसभा पदाधिकारी, ब्लॉक पदाधिकारी तक को निर्देशित किया है कि वे तत्काल 8 से 10 दिनों की तैयारी के साथ दिल्ली निकले।

प्रभारी ने कहा कि दिल्ली में ही रहकर राहुल गांधी के यूथ अभियान के लिए साथ देना है। देश भर के हर प्रांत और हर जिलों से युवक कांग्रेस पदाधिकारियों को स्पष्ट कहा गया है कि वे तैयारियों के साथ ही दिल्ली पहुंचे और अपने साथ कम से कम 5 से 10 युवा साथी लेकर दिल्ली आए और इसकी जानकारी दे दी जाए, जिससे उनके रहने और भोजन की व्यवस्था की जा सके। सूत्रों का कहना है कि कोई ना कोई बड़ा आयोजन राहुल गांधी करने जा रहे हैं।

बताया गया कि प्रदेश के कई पदाधिकारी आज से ही निकलना शुरू हो रहे हैं, बचे हुए सभी कल निकलने का प्रयास करेंगे। रविवार को हर हाल में प्रदेश के साथ इंदौर और देश भर के युवा दिल्ली पहुंचेंगे। इन सभी को 8 से 10 दिन रूकने की हिदायत दी गई है।

कुछ युवा कांग्रेसियों ने कहा था कि वे इंदौर में रूककर ही कुछ करें, इस पर स्पष्ट कहा गया कि दिल्ली आना जरूरी है। इस मामले में युवक कांग्रेस के विधानसभा 3 नम्बर प्रभारी दानिश खान ने यही बताया कि हमें दिल्ली पहुंचने के निर्देश है वहां क्या होगा वह आलाकमान के निर्देश पर आगे बताया जाएगा। खान ने कहा कि वे साथियों के साथ कल दिल्ली निकलेंगे।