सोमवार, 12 अक्टूबर 2026

स्कूटर से ब्राउन शुगर की तस्करी करते दो आरोपी धराए

इंदौर। शहर में मादक पदार्थों की अवैध खरीद-फरोख्त के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अन्नपूर्णा थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने केसर बाग रोड क्रासिंग के पास घेराबंदी कर स्कूटर सवार दो तस्करों को रंगे हाथों धरदबोचा।

आरोपियों के कब्जे से 11 ग्राम अवैध मादक पदार्थ ब्राउन शुगर और तस्करी में प्रयुक्त स्कूटर जब्त किया गया है। अन्नपूर्णा पुलिस को मुखबिर से सटीक सूचना मिली थी कि दो युवक स्कूटर से अवैध मादक पदार्थ की खेप लेकर केसर बाग रोड क्षेत्र से गुजरने वाले हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने केसर बाग रोड क्रासिंग के पास रणनीतिक रूप से घेराबंदी की।

संदिग्ध स्थिति में आते दिखे स्कूटर क्रमांक एमपी 09 एसएस 2101 को रोककर जब सवार युवकों की तलाशी ली गई, तो उनके पास से 11ग्राम अवैध ब्राउन शुगर बरामद हुई। पुलिस ने मौके से आरोपी अथर्व उर्फ केशु पिता मयंक यादव और सर्वेश उर्फ कृष्णा पिता सावन यादव दोनों निवासी गोया कॉलोनी को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ और प्रयुक्त स्कूटर को विधिवत जब्त कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

अन्नपूर्णा थाना पुलिस अब आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ कर रही है कि वे यह ब्राउन शुगर कहां से खरीदकर लाए थे और शहर में किन-किन लोगों को इसकी सप्लाई करने जा रहे थे।