सोमवार, 12 अक्टूबर 2026

इलेक्ट्रॉनिक स्कोरिंग मशीन और स्पूल सिस्टम के साथ फेंसिंग प्रतियोगिता

इन्दौर फेंसिंग स्पोर्ट्स डेवलपमेंट एसोसिएशन द्वारा इन्दौर फॉइल चैलेंज का आयोजन 26 जुलाई को होगा। प्रतियोगिता में शहर के विभिन्न स्कूल, क्लब और अकादमी के खिलाड़ी भाग लेंगे। प्रतियोगिता में सभी आयु वर्ग के बालक एवं बालिकाओं को ओलम्पिक खेल फेंसिंग के फॉइल इवेंट में खेलने का अवसर मिलेगा।

एसोसिएशन के अध्यक्ष मनीष आर्य ने जानकारी देते हुए बताया कि इन्दौर में पहली बार प्रतियोगिता का आयोजन आधुनिक इलेक्ट्रॉनिक इक्विपमेंट, स्कोरिंग मशीन एवं स्पूल सिस्टम के साथ किया जाएगा, जिससे खिलाड़ियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर जैसी तकनीकी सुविधाओं का अनुभव प्राप्त होगा। कोच मास्टर सईद आलम ने उद्बोधन में कहा कि आधुनिक इलेक्ट्रॉनिक स्कोरिंग सिस्टम के साथ प्रतियोगिता आयोजित होने से खिलाड़ियों को वास्तविक प्रतिस्पर्धात्मक वातावरण मिलेगा, जिससे उनकी तकनीकी क्षमता और प्रदर्शन में सुधार होगा।

उन्होंने अभिभावकों से भी बच्चों को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने की अपील करते हुए कहा कि खेल बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।