कारखाना संचालक कमल कुमावत हत्याकांड का खुलासा
रुपयों के विवाद में भतीजे ने की थी चाचा की हत्या
चंदन नगर थाना क्षेत्र के राजनगर में अलमारी कारखाना संचालक व्यवसायी कमल कुमावत की घर में ही चाकू घोंपकर हुई नृशंस हत्या की गुत्थी को चंदन नगर थाना पुलिस ने सुलझा लिया है। मामले की बारीकी से जांच और परिवार से पूछताछ के बाद पुलिस ने मृतक के ही भतीजे को हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है। वारदात के पीछे प्राथमिक वजह पारिवारिक विवाद और रुपयों के लेन-देन को लेकर हुआ विवाद सामने आया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी भतीजे से कड़ाई से पूछताछ की जा रही है और दोपहर में मामले का औपचारिक खुलासा किया जाएगा।
राजनगर निवासी कमल कुमावत की घर के भीतर चाकू से वार कर हत्या कर दी गई थी। शुरुआती सूचना में लूट की नीयत से वारदात होने की आशंका जताई जा रही थी, लेकिन जब पुलिस ने घर के आसपास और मुख्य रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले, तो घटना के समय किसी भी बाहरी या अज्ञात व्यक्ति का घर में आना-जाना दर्ज नहीं हुआ। इससे पुलिस का शक घर के करीबी लोगों और रिश्तेदारों पर गहरा गया।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाकर फिंगर प्रिंट और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए तथा शव का पोस्टमार्टम कराया। जांच के दौरान पुलिस ने मृतक के दो भतीजों को हिरासत में लेकर जब गहन पूछताछ शुरू की तो उनमें से एक भतीजे की गर्दन पर खरोंच के ताजा निशान पाए गए। सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि रुपयों की मांग और पुराने पारिवारिक विवाद को लेकर चाचा-भतीजे के बीच कहासुनी हुई थी जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई और भतीजे ने ताबड़तोड़ चाकू से वार कर अपने चाचा की जीवनलीला समाप्त कर दी।
