सोमवार, 12 अक्टूबर 2026

धार रोड पर पूजन सामग्री दुकान में लगी भीषण आग

इंदौर। धार रोड स्थित रामानंद नगर क्षेत्र में सोमवार तड़के उस समय हड़कंप मच गया, जब धर्मशाला के पास स्थित एक पूजन सामग्री की दुकान में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग की ऊंची लपटें उठने लगीं, जिससे आसपास के रहवासियों में दहशत फैल गई।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड टीम ने करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद 2500 लीटर पानी की मदद से आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, हालांकि दुकान में रखी पूजन सामग्री और पोशाकें सहित अन्य सामान जलकर पूरी तरह राख हो गया। आग लगने की घटना तड़के सुबह करीब 4 बजे विनोद वर्मा नामक व्यापारी की पूजन सामग्री दुकान में हुई।

दुकान से धुआं और लपटें उठती देख स्थानीय लोगों ने तुरंत फायर ब्रिगेड और पुलिस को सूचना दी। जीएनटी मार्केट स्टेशन से पहुंची दमकल टीम ने तुरंत मोर्चा संभाला और आग को आसपास की अन्य दुकानों व मकानों में फैलने से रोक लिया। प्राथमिक जांच के अनुसार, आग लगने की मुख्य वजह दुकान के बिजली के तारों में शॉर्ट सर्किट होना माना जा रहा है। मौके पर पहुंची पुलिस आग से हुए नुकसान का आकलन कर रही है।