व्यापारी को चकमा देकर 15 टन चना चुराने वाला ट्रक मालिक साथी सहित गिरफ्तार
2 लाख के माल सहित आरोपी पुलिस गिरफ्त में
भंवरकुआं थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए व्यापारी से छल- कपट कर लाखों रुपये का माल पार करने वाले एक शातिर ट्रक मालिक और उसके साथियों को महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपियों ने ट्रांसपोर्टेशन के लिए लोड कराए गए चने की जगह पत्थरों और पानी की बोतलें भरकर व्यापारी को चपत लगाई थी। भंवरकुआं पुलिस ने आधुनिक तकनीक और मुखबिरों की मदद से मुख्य आरोपी ट्रक मालिक, उसके साथी और चोरी का चना खरीदने वाले व्यापारी को धरदबोचा है।
पुलिस ने उनके पास से करीब 2 लाख रुपये कीमत की डॉलर चने की 28 बोरियां और घटना में प्रयुक्त वाहन जब्त कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, फरियादी व्यापारी राजुल सारडा पिता गोपाल दास ने अपने व्यापार के सिलसिले में आरोपी समीर खान के ट्रक से 29 टन चना ट्रांसपोर्ट कराने के लिए बुक किया था। लेकिन नीयत खराब होने पर आरोपी ट्रक मालिक समीर ने अपने साथियों के साथ मिलकर योजना बनाई और 15 टन चना चोरी कर लिया। व्यापारी को भनक न लगे, इसके लिए बदमाशों ने चने की जगह वजन पूरा करने के लिए बोरियों में पत्थर और पानी की बोतलें भर दीं और माल लेकर रफूचक्कर हो गए।
व्यापारी को जब धोखाधड़ी और चोरी का पता चला, तो उसने तुरंत भंवरकुआं थाने में शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी संतोष दूधी ने एक विशेष टीम का गठन किया। पुलिस टीम ने साइबर सेल और आधुनिक तकनीकी सर्विलांस की मदद से आरोपियों के लोकेशन और नेटवर्क को खंगाला।
मुस्तैद पुलिस ने त्वरित घेराबंदी करते हुए मुख्य आरोपी समीर खान पिता वाहिद खान, निवासी राघोगढ़, डबलचौकी, सह-आरोपी सतीश उर्फ सल्ला उर्फ आइडिया पिता रामबक्स, निवासी हीरापुर बांध, कांटाफोड़, जिला देवास तथा चोरी का माल खरीदने वाले खरीदार धर्मेंद्र राठौर पिता संतोष राठौर, निवासी अकबरपुर, थाना डबलचौकी को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने आरोपियों के पास से 2 लाख रुपये का डॉलर चना जब्त कर लिया है और गिरोह के अन्य आपराधिक रिकॉर्ड्स खंगालते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
