पˆनी को वापस लेने पहुंचा तो मतारा मौत के घाट
बड़गोंदा थाना क्षेत्र के निसर्ग फार्म हाउस में अपनी पत्नी को वापस लेने पहुंचे व्यक्ति की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस की मर्ग जांच में हत्या का सनसनीखेज खुलासा हुआ है। प्रारंभिक जांच में यह साफ हो गया है कि उक्त व्यक्ति की मौत सामान्य या संदिग्ध नहीं थी, बल्कि उसकी बेरहमी से हत्या की गई थी। पुलिस जांच में सामने आया है कि फार्म हाउस पर उक्त व्यक्ति की पत्नी को अपने साथ रखने की बात को लेकर आरोपी ने उस पर लोहे की टामी से ताबड़तोड़ जानलेवा हमला किया था, जिससे अत्यधिक खून बहने के कारण उस ने दम तोड़ दिया।
गौरतलब है कि मृतक राजू बामनिया (45) गुरुवार को बड़गोंदा स्थित निसर्ग फार्म हाउस पर अपनी पत्नी आरती को घर वापस ले जाने के लिए पहुंचा था। आरती इसी फार्म हाउस पर काम करती थी और वहां पहले से मौजूद एक अन्य व्यक्ति संतोष पिता शंकर चौहान निवासी छापरी, थाना राजेंद्र नगर के साथ रह रही थी। जब राजू ने अपनी पत्नी को साथ ले जाने की बात कही, तो इसी बात को लेकर उसका वहां रह रहे संतोष से विवाद हो गया।
देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि आरोपी संतोष ने पास ही पड़ी लोहे की टामी उठा ली। आरोपी संतोष ने जान से मारने की नीयत से लोहे की भारी टामी से राजू के सिर में माथे पर, कनपटी पर और बाईं आंख के ठीक नीचे जोरदार वार कर दिए। टामी के इन प्राणघातक हमलों से राजू के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं और मौके पर ही अत्यधिक मात्रा में खून बह गया।
गंभीर रूप से घायल राजू फार्म हाउस परिसर में ही बेसुध होकर गिर पड़ा, जिसे अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया था। बड़गोंदा थाना पुलिस ने मर्ग की प्रारंभिक जांच के बाद आरोपी संतोष चौहान के खिलाफ हत्या की धाराओं में अपराध पंजीबद्ध कर लिया है।
