पुलिस को देख भाग रहा संदिग्ध धराया 13 ग्राम ब्राउन शुगर जब्त
परदेशीपुरा थाना पुलिस ने सुनसान और संवेदनशील स्थानों पर चेकिंग के दौरान एक शातिर मादक पदार्थ तस्कर को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़े गए आरोपी के कब्जे से 13 ग्राम अवैध ब्राउन शुगर बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 30 हजार रुपये आंकी गई है। परदेशीपुरा थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर उसे अपनी अभिरक्षा में ले लिया है, जिससे नशे के इस नेटवर्क को लेकर पूछताछ की जा रही है।
परदेशीपुरा पुलिस के अनुसार, क्षेत्र में अपराधों की रोकथाम और संदिग्धों की धरपकड़ के लिए परदेशीपुरा पुलिस की एक विशेष टीम देर रात सुनसान इलाकों में चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान टीम को एमआर4 रोड के पास एक संदिग्ध युवक खड़ा दिखाई दिया। पुलिस टीम को अपनी ओर आता देख वह युवक सकपका गया और हुकुमचंद मिल की तरफ तेजी से भागने लगा। युवक को इस तरह भागता देख मुस्तैद पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाई और पीछा करते हुए चारों तरफ से घेराबंदी कर उसे धरदबोचा।
संदिग्ध से कड़ाई से पूछताछ की, तो उसने अपना नाम मयूर पिता संभाजी तांबारे निवासी। बंशीप्रेस की चाल, परदेशीपुरा होना बताया। संदेहास्पद स्थिति लगने पर जब उसकी तलाशी ली गई, तो उसके पास से कुल 13 ग्राम कीमती ब्राउन शुगर बरामद हुई। पुलिस ने तुरंत नशीला पदार्थ जब्त कर आरोपी मयूर को गिरफ्तार कर लिया। परदेशीपुरा पुलिस अब आरोपी से यह पता लगाने में जुटी है कि वह यह नशा कहां से खरीद कर लाया था और शहर में इसे किन-किन पैडलर्स या ग्राहकों को सप्लाई करने जा रहा था।
