फाइनल के पहले सजेगा सितारों का मंच, भव्य होगा समापन समारोह
न्यूयार्क। इतिहास के सबसे बड़े खेल आयोजन यानी फीफा विश्व कप 2026 का शानदार समापन होने जा रहा है। रविवार को न्यूयॉर्क न्यू जर्सी स्टेडियम में होने वाले फाइनल मुकाबले से ठीक पहले एक भव्य समापन समारोह का आयोजन किया जाएगा। यह समारोह इस टूर्नामेंट के दौरान तीन मेजबान देशों और 16 मेजबान शहरों में खेलने वाली सभी 48 टीमों के यादगार सफर का जश्न मनाएगा। गत चैंपियन अर्जेंटीना और स्पेन के बीच खिताबी मुकाबला खेला जाएगा। इस मैच के शुरू होने से पहले रंगारंग कार्यक्रम आयोजित होगा।
फाइनल देखने जाएंगे अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप
स्पेन और अर्जेंटीना के बीच होने वाली इस खिताबी भिड़ंत में खेल के साथ-साथ अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की मौजूदगी भी खास आकर्षण का केंद्र रहेगी। व्हाइट हाउस ने पुष्टि की है कि ट्रंप न्यू जर्सी स्टेडियम में फाइनल मुकाबला देखने पहुंचेंगे और विजेता टीम को विश्व कप ट्रॉफी भी सौंपेंगे। व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट ने कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप फाइनल से पहले ट्रंप टावर में फीफा प्रतिनिधियों के साथ एक विशेष कार्यक्रम में शामिल होंगे।
इसके बाद वह स्टेडियम पहुंचकर खिताबी मुकाबले का आनंद लेंगे। फीफा अध्यक्ष जियानी इन्फेंटिनो पहले ही बता चुके हैं कि ट्रंप विजेता टीम के कप्तान को विश्व कप ट्रॉफी सौंपेंगे। ऐसे में मैदान के साथ पुरस्कार वितरण समारोह पर भी दुनिया की नजर रहेगी।
जुटेंगे दुनिया के दिग्गज कलाकार
सितारों से सजे इस समारोह में संगीत और मनोरंजन जगत के कई बड़े नाम एक साथ मंच साझा करेंगे। इस कार्यक्रम में हॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता टॉम क्रूज, लौरा पाउसिनी, रॉबी विलियम्स और आईशोस्पीड जैसे वैश्विक सुपरस्टार मुख्य कलाकार के तौर पर नजर आएंगे। यह रंगारंग समापन समारोह 'बैलिच वंडर स्टूडियो' के साथ साझेदारी में किया जा रहा है।
जेनिफर हडसन गाएंगी राष्ट्रीय गीत
एमी, ग्रैमी, आस्कर और टोनी पुरस्कार विजेता जेनिफर हडसन फीफा विश्व कप फाइनल से पहले अमेरिका का राष्ट्रगीत गाएंगी। फीफा विश्व कप 2026 के मुख्य संचालन अधिकारी हेइमो शिरगी ने कहा था, उद्घाटन समारोह की भावना को आगे बढ़ाते हुए समापन समारोह में संगीत, संस्कृति और फुटबॉल के जरिये फीफा विश्व कप 2026 का समापन किया जाएगा। इसके बाद उस बहुप्रतीक्षित मैच की शुरुआत होगी जो इस ऐतिहासिक टूर्नामेंट के चैंपियन का फैसला करेगा।
