संविदा और आउटसोर्स कर्मियों को सुरक्षा उपकरण देना अनिवार्य हो
मध्यप्रदेश में बारिश के मौसम के साथ ही बिजली दुर्घटनाओं के मामलों में तेजी से बढ़ोतरी हुई है, जिससे लाइन पर काम करने वाले कर्मचारियों की जान जोखिम में पड़ रही है। इस गंभीर समस्या को देखते हुए 'मध्यप्रदेश विद्युत कर्मचारी संघ फेडरेशन' के महामंत्री राकेश डी पी पाठक ने ऊर्जा सचिव और सभी बिजली कंपनियों के प्रबंध संचालकों से सख्त कदम उठाने की मांग की है। बरसात, आंधी और जलभराव जैसी विपरीत परिस्थितियों में कर्मचारी 40 फुट ऊंचे खंभों और सब-स्टेशनों पर काम करते हैं।
ऐसे में फिसलने, ऊंचाई से गिरने या करंट लगने का डर हमेशा बना रहता है। इसके बावजूद कई स्थानों पर जरूरी सुरक्षा उपकरणों का अभाव है, और कार्य के परमिट लेने व निरस्त करने में सामंजस्य की कमी के कारण लगातार हादसे हो रहे हैं।
