सोमवार, 12 अक्टूबर 2026

ड्रग्स केस: नाना पटवारी से जुड़ी दूसरी महिला ने कबूली नशा करने की बात, पुलिस को मिले अहम सबूत

महिला की शिकायत पर धोखाधड़ी की जांच भी पुलिस ने की शुरू

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के भाई कुलभूषण उर्फ नाना पटवारी से जुड़े चर्चित ड्रग्स मामले में राजेंद्र नगर पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त तफ्तीश के बीच एक नया यू-टर्न आया है। जांच टीमों ने नाना पटवारी से जुड़ी एक अन्य महिला को तलब कर पूछताछ की है, जिसने मामले की पूरी दिशा बदल दी है। सूत्रों के मुताबिक, कड़ाई से हुई पूछताछ में इस महिला ने कबूल किया है कि उसने नाना पटवारी के साथ ड्रग्स का कंजम्पशन किया था।

महिला के इस कबूलनामे और पुलिस के हाथ लगे महत्वपूर्ण डिजिटल साक्ष्यों के बाद अब नाना पटवारी की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। इस मामले में पुलिस के सामने अब दो अलग-अलग बयान हैं, जिससे मामला उलझ गया है। बीते शनिवार को ही एक अन्य युवती खुद डीसीपी कार्यालय पहुँची थी और मीडिया के सामने दावा किया था कि वह नाना को 4-5वर्षों से जानती है और उन्होंने कभी ड्रग्स या शराब का सेवन नहीं किया।

लेकिन अब दूसरी महिला द्वारा ड्रग्स लेने की बात कबूल किए जाने से पुलिस के सामने दोनों बयानों को वेरिफाई करने की चुनौती है। गौरतलब है कि राजेंद्र नगर पुलिस ने कुछ दिनों पहले 10.8 ब्राउन शुगर के साथ तस्कर इरफान उर्फ गोलू और रॉनी भाई को गिरफ्तार किया था, जिन्होंने पूछताछ में नाना पटवारी के नाम का खुलासा किया था। इस ड्रग्स नेटवर्क के तार गुजरात के बड़े नशा माफियाओं से जुड़े होने के इनपुट मिले हैं।

फिलहाल पुलिस दोनों महिलाओं और संदिग्धों के बयानों का मिलान कर फंडिंग नेटवर्क की हर कड़ी को खंगाल रही है। पलासिया क्षेत्र की एक महिला ने शुभम वैली कालोनी में धोखाधड़ी के आरोप की शिकायत नाना पटवारी के लिए पुलिस को की है। इस मामले में पुलिस ने बताया कि पुलिस ने महिला की शिकायत पर संज्ञान लेना शुरू कर दिया है।