अग्रवाल समाज की एक पैनल ने आज बुलाई बड़ी बैठक
सैकड़ों समाजजनों का होगा बैठक के बाद भोज
अग्रवाल समाज केन्द्रीय समिति के चुनाव में नामांकन दाखिल हो चुके हैं। दो पैनल जय अग्रसेन खाटू श्याम पैनल और श्री अग्रसेन सनातन पैनल आमने-सामने हैं। इस चुनावी रण के बीच आज अग्रसेन सनातन पैनल में अध्यक्ष लड़ रहे दिनेश बंसल पम्प के नेतृत्व में आज शाम 7 बजे से बड़ी बैठक कच्छ पाटीदार धर्मशाला स्नेह नगर सपना-संगीता रोड पर बुलाई है।
बैठक में अग्रवाल समाज के ज्यादातर संगठनों को आमंत्रित किया गया है। दावा तो 1 हजार अग्रवाल समाजजनों के आने और उनके भोजन की व्यवस्था भी करने का किया गया है, जो भी हो आज बैठक में सैकड़ों अग्रवाल समाजजन पहुंचेंगे और उनका भोज भी होगा। इस तरह आज अग्रवाल समाज के चुनावी बिगुल के बीच पहला भोज और बैठक आयोजित की जा रही है।
इस बैठक को मिलन समारोह का नाम भी दिया गया है, जो निमंत्रण दिए गए उसमें निवेदक के रूप में अग्रसेन सनातन पैनल बताया गया है। इधर कल दोनों ही पैनल के प्रत्याशी और पैनल के कर्ताधर्ता बड़े समाजसेवियों से मिलने के लिए निकल पड़े थे। कल कुछ अग्रवाल समाज की संस्थाओं के कार्यक्रम भी थे, वहां भी उम्मीदवार वोट की गुहार लेकर पहुंचे थे।
अग्रवाल समाज के सोशल ग्रुप पर दोनों ही पैनल और उम्मीदवारों ने समाजजनों के समर्थन और मत देने की अपील के पोस्ट भी डालना शुरू कर दी है। ऐसा माना जा रहा है कि 9 हजार मतो में से करीब 3 हजार वोट दोनों ही पैनल के प्रतिबद्ध है और इन पर प्रचार से कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा, लेकिन जो 6 हजार वोट बचे हैं जो उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे। अब उन्हीं 6 हजार वोटों के लिए दोनों ही पैनल के उम्मीदवारों ने वोट की गुहार शुरू कर दी है।
दोनों ही पैनल के कुछ उम्मीदवारों ने इवेंट कम्पनी और सोशल मीडिया पर काम करने वाली डिजिटल एजेंसियों को भी हायर किया है। अग्रवाल समाज को लक्ष्मीजी का पुत्र माना जाता है इसलिए चुनाव में दिल खोलकर खर्चा करने की बात भी बताई जा रही है। अब देखना होगा कि चुनाव पदाधिकारी आचार संहिता का पालन किस तरह करते हैं।
