सोमवार, 12 अक्टूबर 2026

अड़ीबाज बदमाश का आतंक, शराब के पैसे नही देंने पर महिला को पीटा

गृहस्थी के सामान में तोड़फोड़, केस दर्ज

इंदौर। चंदन नगर थाना क्षेत्र के राज नगर में शराब पीने के लिए अड़ीबाजी करने और मना करने पर महिला व उसके परिवार पर हमला करने का मामला सामने आया है। खुद को इलाके का दादा बताने वाले एक सिरफिरे युवक ने पीड़िता से रुपयों की मांग की। रुपये देने से इनकार करने पर आरोपी ने महिला के साथ मारपीट की और उसके मायके के घर में घुसकर टीवी, अलमारी सहित अन्य सामान में जमकर तोड़फोड़ की। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, फरियादी पूजा पति सतीश रावत निवासी बी सेक्टर, राज नगर ने थाने पहुंचकर केस दर्ज करवाया है। पूजा रक्षाबंधन का त्योहार मनाने के लिए राज नगर स्थित अपनी मां सुमन यादव के घर आई हुई थी। घर पर उनका भाई गोलू यादव भी मौजूद था।

बीती रात पड़ोसी मकान में किराए से रहने वाला आरोपी रवि पिता राजाराम खटीक अचानक घर के बाहर पहुंचा और आवाज देकर परिवार को बाहर बुलाया। आरोपी ने रंगदारी दिखाते हुए कहा कि मैं यहां का दादा हूं, मुझे शराब पीने के लिए 1,000 रुपये दो। जब पूजा ने रुपये देने से साफ मना कर दिया, तो आरोपी रवि आक्रोशित होकर गालियां देने लगा।

महिला द्वारा गाली-गलौज का विरोध करने पर आरोपी ने उनके साथ थप्पड़-थप्पड़ों से मारपीट शुरू कर दी। बीच- बचाव करने आई मां सुमन और भाई गोलू के साथ भी आरोपी ने हाथापाई की। इसके बाद सिरफिरे आरोपी ने ईंट-पत्थर उठाकर घर के भीतर फेंकना शुरू कर दिया, जिससे घर में रखी टीवी, गोदरेज की अलमारी, स्टील की टंकी और अन्य गृहस्थी का सामान टूट-फूट कर क्षतिग्रस्त हो गया।

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी जाते-जाते धमकी दे गया कि आइंदा मुझे रुपये देने से मना किया तो जान से खत्म कर दूंगा। घटना के बाद पीड़िता परिजनों के साथ थाने पहुंची। चंदन नगर पुलिस ने फरियादी पूजा की रिपोर्ट पर आरोपी रवि खटीक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस टीम आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।