सोमवार, 12 अक्टूबर 2026

मकान में हिस्सा मांगने पहुंचे बहू-बेटे की करतूत

बाणगंगा थाना क्षेत्र के गंगाधाम कॉलोनी में संपत्ति के विवाद में बुजुर्ग सास के साथ उनके ही बेटे और बहू द्वारा बर्बरतापूर्वक मारपीट करने का मामला सामने आया है। मकान में हिस्से की मांग को लेकर आए कलयुगी बेटे और बहू ने गाली-गलौज करते हुए बुजुर्ग महिला के साथ झूमाझटकी की। इस दौरान बहू ने सास का कान इतनी बेरहमी से खींचा कि सोने की बाली खींचने से कान फट गया और खून बहने लगा।

पीड़ित वृद्धा की शिकायत पर बाणगंगा थाना पुलिस ने आरोपी पति-पत्नी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, फरियादी सावित्री पति बद्रीलाल मालवीय निवासी गंगाधाम कॉलोनी, नंदबाग ने थाने पहुंचकर अपने ही बेटे और बहू के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उनका बेटा अरविंद मालवीय और बहू श्वेता मालवीय उनके घर पहुंचे और मकान में अपना हिस्सा मांगने की बात को लेकर गालियां देने लगे।

जब पीड़िता ने उन्हें गाली देने से मना किया, तो दोनों जबरन घर के मुख्य दरवाजे पर ताला लगाने लगे। वृद्धा ने जब उन्हें ताला लगाने से रोका, तो आरोपी बेटे अरविंद और बहू श्वेता ने आपा खो दिया और उनके साथ हाथ-थप्पड़ों से मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान झूमाझटकी करते हुए बहू श्वेता ने अपनी सास सावित्रीबाई का कान पकड़कर जोर से खींच दिया।

खींचतान में कान में पहनी हुई सोने की बाली बुरी तरह खींच गई, जिससे वृद्धा का कान फट गया और उससे तेजी से खून निकलने लगा। शोर सुनकर आसपास के लोग एकत्र हुए, जिन्हें देखकर आरोपी बहू-बेटे जान से मारने की धमकियां देते हुए मौके से भाग निकले।