विवाद सुलझाने गए युवक पर चाकू से हमला
इंदौर। कनाड़िया थाना क्षेत्र में बिचौली मर्दाना स्थित तालाब के पास सड़क पर आपस में झगड़ रहे बदमाशों ने सलाह देने से नाराज होकर युवक पर चाकू से वार कर दिए। आरोपियों ने युवक के कंधों और पैरों पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। पीड़ित युवक की शिकायत पर कनाड़िया थाना पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर किया है।
पुलिस के अनुसार, फरियादी अर्पित शर्मा पिता अमित शर्मा निवासी पूर्णिता कॉलोनी, बिचौली मर्दाना ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि वे बिचौली मर्दाना ब्रिज स्थित तालाब के पास से गुजर रहे थे, तभी आरोपी विजय, रोहित और यशिका सड़क पर आपस में लड़ाई-झगड़ा कर रहे थे। फरियादी अर्पित ने मानवीयता दिखाते हुए उनसे कहा कि तुम लोग रोड से नीचे होकर बात करो, नहीं तो कोई तेज रफ्तार वाहन तुम्हें टक्कर मार देगा।
इतनी सी सलाह सुनते ही आरोपी रोहित और विजय अचानक भड़क गए। उन्होंने फरियादी से कहा कि 'तू अपना काम कर, तेरी इतनी हिम्मत कि तू हमें समझाएगा!' यह कहते हुए दोनों आरोपी फरियादी को गालियां देने लगे और अचानक चाकू निकालकर उनकी तरफ दौड़े। खतरा भांपकर फरियादी अर्पित जैसे ही जान बचाने के लिए अपनी कार में बैठने लगे, तभी आरोपी विजय ने चाकू से उनके कंधे पर दो-तीन वार कर दिए।
इसी दौरान आरोपी रोहित ने भी अपने हाथ में लिए चाकू से फरियादी के पैरों पर कई वार कर दिए, जिससे वे लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े। वारदात के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
