सोमवार, 12 अक्टूबर 2026

शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में अतिरिक्त कमरों का निर्माण

विधानसभा तीन के अंतर्गत वार्ड क्रमांक 55 में स्थित उषागंज छावनी क्षेत्र में स्थित शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक 1 में दूसरे चरण में निगम के शाला प्रकोष्ठ द्वारा छात्रों की सुविधा के लिए अतिरिक्त क्लास रूम का निर्माण कार्य अब दुगनी तेजी के साथ किया जा रहा है। जिसके तहत पार्किंग के हिस्से में सालों पुराने जर्जर क्लासरूम को तोड़कर उनकी जगह नए अतिरिक्त आधुनिक सुविधाओं वाले स्मार्ट क्लास रूम का निर्माण कार्य इन दिनों तेजी के साथ चल रहा है।

200 साल से ज्यादा पुराने स्कूल में लगभग दो साल तक ठप रहा निर्माण कार्य-

गौरतलब है कि अंग्रेजों के जमाने के करीब 200 साल से ज्यादा पुराने छावनी क्षेत्र के सबसे पुराने ऐतिहासिक धरोहर के रूप में पहचाने जाने वाले सालों पुराने शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में निगम द्वारा करीब 3 साल पहले स्कूल के ऐतिहासिक महत्व को ध्यान में रखते हुए करीब 4 करोड़ से ज्यादा की लागत से नवीनीकरण की योजना बनाकर काम शुरू करवाया गया था। जिसमें ठेकेदार द्वारा बीच में आधा अधूरा काम छोड़ लंबे समय तक यहां का काम बंद कर दिया था।

जिसके बाद करीब डेढ़ दो साल से ज्यादा समय तक काम बंद रहा। इसको लेकर सांध्य दैनिक सिटी ब्लास्ट ने लगातार जनहित में क्षेत्र के रहवासियों की मांग पर कई बार बंद काम को लेकर समाचार प्रकाशित किए थे। इसके बाद क्षेत्रीय विधायक गोलू शुक्ला और निगम अधिकारियों ने सालों पुराने विद्यालय के निर्माण कार्य को लेकर मामले में संज्ञान लिया और लंबे समय से बंद काम को दोबारा शुरू करवाया गया।

आधा दर्जन नए नवीन स्मार्ट क्लास रूम तैयार, दूसरे चरण में निर्माण जारी-

इसके बाद पिछले दिनों यहां पहले चरण के अंतर्गत करीब आधा दर्जन स्मार्ट क्लासरूम बनकर तैयार किए गए। यही नहीं इसमें छात्रों की पढ़ाई भी शुरू हो गई है। इसके अलावा निगम के शाला प्रकोष्ठ द्वारा अब दूसरे चरण में विद्यालय भवन के पार्किंग के हिस्से में खाली जगह पर कुछ नए क्लासरूम बनाने का काम भी शुरू कर दिया था, जो कि इन दिनों तेजी के साथ चल रहा है और कुछ नए क्लासरूम और नए हॉल पर छत डालने का कार्य पूरा कर अन्य निर्माण कार्य किया जा रहा है जो दूर से नजर भी आ रहा है।

वही बताया जा रहा है कि आने वाले दिनों में बेहद जल्द इसी साल तीन से चार नए क्लास रूम और बनकर तैयार हो जाएंगे, जिससे छात्रों को बड़ी सुविधा मिलेगी।